एक ओवरहेड वाटर टैंक से हो रही है शहर में जलापूर्ति
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर में भीषण गर्मी के कारण पानी की कमी से लोग परेशान हैं। नगर पालिका केवल 40 हजार लोगों को ही पानी मुहैया करा पा रही है, जबकि आबादी बढ़कर 1.2 लाख हो गई है। पिछले 30 वर्षों में कोई नया जल टैंक...
संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में भीषण गर्मी में समूचा शहर पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर रहा है। शहर की जितनी आबादी है उसका एक चौथाई पानी भी नगर पालिका मुहैया नहीं करा पा रही है। सिर्फ एक ओवरहेड वाटर टैंक से शहर में जलापूर्ति हो रही है। इसकी वजह से लोगों को निजी संसाधनों से पानी का इंतजाम करना पड़ रहा है। मुकम्मल व्यवस्था न होने की वजह से शहरियों का हलक सूख रहा है। लोग पानी का जार खरीदकर इस्तेमाल कर रहे हैं। भीषण गर्मी के साथ ही शहर में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। शहर की आबादी बढ़ कर एक लाख 20 हजार हो गई है।
शहर में पानी पिलाने की क्षमता महज 40 हजार लोगों की ही है। पिछले 30 सालों में शहर में पेयजल के लिए कोई भी वाटर हेड टैंक नहीं बनाया गया है। जबकि इस दौरान आबादी बढ़कर एक लाख 20 हजार हो गई है। इस गर्मी में लोग पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। रेलवे लाइन के दक्षिण औद्योगिक नगर घोरखल, विधियानी उस्का कला, उसका खुर्द, सादिकगंज, बनियाबारी, घोरखल, तितौवा व एसडीएम कॉलोनी में पानी पीने का कोई भी मुकम्मल इंतजाम नहीं है। नेशनल हाईवे के उत्तर दिशा में जितने भी वार्ड बने हुए हैं। वहां पर पानी पीने का इंतजाम नहीं है। शहर में जिन क्षेत्रों में पानी पहुंच रहा है। वह भी प्रथम साल तक ही सीमित है। शहर का तिहाई हिस्सा पानी के लिए तरस रहा है। शहर में ग्राउंड फ्लोर तक पानी आ जा रहा है, लेकिन प्रथम तल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। इस गर्मी में लोगों का जरूरी काम तक नहीं निपट पा रहा है। नगरपालिका ईओ अवधेश कुमार भारती का कहना है कि अगले वर्ष तक सारी समस्याएं दूर हो जाएंगी। शहर में नई पाइप इन बिछाई जा रही है। ट्यूबवेल पंप स्थापित किया जा रहा है। जल्द ही इन समस्याओं से निजात मिल जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।