व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं: मिश्रा
Shahjahnpur News - पुवायां में नगर उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने व्यापारियों के साथ बैठक में कहा कि किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने ऑनलाइन व्यापार के प्रभाव पर...

पुवायां (शाहजहांपुर)। नगर उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने शनिवार को पुवायां पहुंचकर व्यापारियों के साथ बैठक की और कहा कि किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने ऑनलाइन व्यापार के बढ़ते असर को लेकर गहरी चिंता जताई और कहा कि यह हमारे लोकल दुकानदारों को खत्म कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘लोकल फॉर वोकल अभियान सराहनीय है, लेकिन अभी भी स्थानीय व्यापार को संरक्षण देने की जरूरत है। प्रदेश प्रचार मंत्री कपिल गुप्ता के आवास पर आयोजित इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा का व्यापारियों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।
इस दौरान उन्होंने बताया कि वे केरल, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, गुजरात सहित कई राज्यों में ऑनलाइन व्यापार के खिलाफ आंदोलन कर चुके हैं। हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी देशभर के व्यापारियों ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि अब इसे लेकर देशव्यापी आंदोलन चलाया जाएगा। उन्होंने जीएसटी और व्यापार से जुड़ी अन्य समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की और प्रशासन को चेतावनी दी कि छोटा हो या बड़ा, किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों से आह्वान किया कि किसी व्यापारी को कोई परेशानी हो तो सभी एकजुट होकर उसका साथ दें। इस मौके पर युवा नगर अध्यक्ष धीरज शर्मा, मंगल मिश्रा, विशाल गुप्ता, पुष्पेंद्र गुप्ता, दीपक गुप्ता, अखिलेश अग्निहोत्री, अमित गुप्ता, सुनील बंसल, रामानुज, दिवाकर गुप्ता समेत तमाम व्यापारी मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।