Stone pelting on policemen after a deadly attack on a youth in Sultanpur many injured सुलतानपुर में युवक पर जानलेवा हमला के बाद पुलिसकर्मियों पर पथराव, कई जख्मी, तनाव, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUP NewsStone pelting on policemen after a deadly attack on a youth in Sultanpur many injured

सुलतानपुर में युवक पर जानलेवा हमला के बाद पुलिसकर्मियों पर पथराव, कई जख्मी, तनाव

यूपी के सुलतानपुर में युवक पर जानलेवा हमला के बाद पुलिसकर्मियों पर पथराव हो गया। पथराव में कई पुलिस कर्मचारी घायल हो गए हैं। पुलिस मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपियों की तलाश कर रही है। इलाके में तनाव है।

Deep Pandey लाइव हिन्दुस्तानWed, 11 June 2025 01:56 PM
share Share
Follow Us on
सुलतानपुर में युवक पर जानलेवा हमला के बाद पुलिसकर्मियों पर पथराव, कई जख्मी, तनाव

यूपी के सुलतानपुर जिले के नई बाजार मोहल्ले में मंगलवार देर रात बैंक रोड पर उस समय तनाव फैल गया जब आरव पांडेय और उनके मित्र अभिषेक पांडेय पर जानलेवा हमला हुआ। आरोप है कि यह हमला विशेष समुदाय के चार युवकों द्वारा किया गया। घटना के बाद आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर भी पथराव किया। जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नई बाजार निवासी आरव पांडेय ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि वह भंडारा खाकर अपने मित्र अभिषेक पांडेय के घर लौट रहे थे। बैंक ऑफ बड़ौदा के पास गली में देवापुर निवासी यासिर, जिगर, घेर्राऊ और कसाईटोला निवासी इरफान ने उन्हें जान से मारने की नियत से रॉड और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में आरव बेहोश हो गए। अभिषेक की गुहार पर जब लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए। पीड़ित पक्ष जब पुलिस में तहरीर देकर घर जा रहा था, तभी पुलिस टीम आरोपियों के घर की तरफ गई। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उग्र होकर पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। जिसमें कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। इसके अलावा कुछ लोगों के वाहनों को भी नुकसान हुआ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी कादीपुर उत्तम तिवारी, सीओ कादीपुर विनय गौतम, नायब तहसीलदार प्रदीप मिश्रा और अधिशासी अधिकारी सचिन पांडेय तत्काल मौके पर पहुंचे। इसके अलावा मौके पर मोतिगरपुर, कादीपुर, करौंदीकलां और अखंडनगर थाने की पुलिस को भी एहतियातन मौके पर बुला लिया गया था। पुलिस ने रात में ही मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए धड़पकड़ तेज कर दी है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। थाना प्रभारी अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि पुलिस पर जानलेवा हमले के आरोप में भी पुलिस द्वारा 11 नामजद और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

ये भी पढ़ें:UP से लापता महिला का अर्धनग्न शव भीमताल में मिला, किसके साथ गई थी खोज रही पुलिस?

मनबढ़ किस्म के आरोपियों को समझाना पड़ा महंगा

दोस्तपुर में आरव पांडेय और अभिषेक पांडेय पर हुए जानलेवा हमले के पीछे अब मुख्य वजह सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार, हमलावर मनबढ़ किस्म के व्यक्ति हैं और अक्सर विवादों में लिप्त रहते हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले नई बाजार स्थित एक विवाह गृह में शादी समारोह के दौरान आरोपियों ने उपद्रव किया था। उस समय आरव पांडेय और कुछ अन्य लोगों ने उन्हें शादी में विवाद करने से रोका था। इसी बात को लेकर हमलावर आरव और उनके साथियों से खुन्नस खाए बैठे थे। और इसी खुन्नस के चलते उन्होंने इस जानलेवा हमले को अंजाम दिया है।

लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |