बिजली खंभे से टकरा वैन खंती में गिरी, वृद्ध और मासूम की मौत
Unnao News - रविवार रात दही में पुरवा-दही मार्ग पर एक वैन बिजली के खंभे से टकराकर खंती में गिर गई। इस हादसे में एक वृद्ध अर्जुन सिंह और आठ वर्षीय मासूम आरुषी की मौत हो गई। अन्य छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों...

सोनिक, संवाददाता। दही में पुरवा-दही मार्ग पर दरोगाखेड़ा गांव के पास रविवार देर रात बेकाबू वैन सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराकर खंती में गिर गई। हादसे में वृद्ध और मासूम की मौत हो गई। छह सवारियां भी जख्मी हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों के सहयोग के साथ घायलों को बाहर निकाला और बिछिया सीएचसी में भर्ती कराया। माखी में कुम्हारखेड़ा गांव निवासी वैन चालक मोनू सिंह (45) पुत्र वीरपाल के साथ सोनिक गांव निवासी वृद्ध अर्जुन सिंह पुत्र बजरंग अपने बेटे बृजेश की शादी में अन्य परिजनों के साथ मौरावां थाना क्षेत्र के दिरगजखेड़ा गांव गए हुए थे।
वैन में उनके साथ सोनिक गांव निवासी सुभाष सिंह की (8) वर्षीय बेटी आरुषी और पांच वर्षीय बेटा गोलू, अजगैन थाना क्षेत्र के छतईखेड़ा गांव निवासी सोनू कुमार (34) पुत्र राम नारायण, अजगैन कस्बा निवासी जितेंद्र कुमार उर्फ सरवन (28) पुत्र राम प्रसाद, तिलियानी गांव के रहने वाले नन्हक्के की (14) वर्षीय बेटी आकांक्षा, छोटी बहन प्रिया भी बैठी हुई थी। दिन की शादी होने से रात में विदाई हो गई थी। कार्यक्रम के बाद सभी लोग घर लौट रहे थे। वैन दही थाना क्षेत्र के पुरवा-दही मार्ग स्थित दरोगाखेड़ा गांव के पास पहुंची ही थी कि सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा कर नीचे खंती में गिर गई। हादसे के बाद वैन में सवार लोगों के जख्मी होने पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को बिछिया सीएचसी में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने वृद्ध अर्जुन सिंह और चालक मोनू की भतीजी मासूम आरुषी को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी संजीव कुशवाहा ने बताया कि विधिक कार्रवाई की जा रही है। शव गांव पहुंचने पर मची चीख-पुकार सोनिक गांव के रहने वाले अर्जुन सिंह का शव जब सोमवार शाम पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इस दुख की घड़ी में सैकड़ों ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देते नजर आए। अर्जुन सिंह ने अपने बेटे ब्रजेश की शादी मौरावां थाना क्षेत्र के दिरगजखेड़ा गांव निवासी रंजन सिंह की बेटी शिखा से तय की थी। रविवार को दिन में शादी समारोह था। शादी का कार्यक्रम देर रात पूरा होने के बाद बारात सोनिक के लिए रवाना हो गई थी। सभी गाड़ियां वर वधू को लेकर गांव पहुंच गई। मगर वैन दही पुरवा मार्ग पर दरोगाखेड़ा के पास बेकाबू होकर बिजली पोल से टकराते हुए खाई में चली गई। जिसमें वृद्ध अर्जुन सिंह वैन के नीचे दब गए और वैन चला रहे मोनू सिंह निवासी कुम्हारखेड़ा थाना माखी की आठ वर्षीय भतीजी आरुषि पुत्री विजेन्द्र चालक की गोद में बैठी हुई थी। जिससे उसका सिर स्टेरिंग से टकरा गया था। हादसे में अर्जुन और आरुषि की मौत हो गई। इस दौरान गाड़ी में लगभग दर्जन भर सवारियां मौजूद थी। कुछ लोगों को मामूली चोटें आई थी। आरुषी के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। उसके बाद पुलिस पंचायतनामा भरकर आगे कार्रवाई की। घटना से आहत मृतक अर्जुन की पत्नी रामदेवी, बेटा बृजेश, सुभाष व बेटी रेनू तथा मीनू और मृतका आरूषी की मां सुषमा तथा पिता विजेन्द्र सहित अन्य परिजन रो-रो कर बेहाल होते रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।