गैस पाइप फटने से डेयरी शॉप में धधकी आग, दो झुलसे
अल्मोड़ा। नगर की एलआरसाह रोड पर गुरुवार सुबह एक डेयरी शॉप में गैस पाइप फटने से आग धधक उठी। घटना में डेयरी स्वामी और एक अन्य व्यक्ति झुलस गए। घनी आबादी

अल्मोड़ा, कार्यालय संवाददाता। नगर की एलआरसाह रोड पर गुरुवार सुबह एक डेयरी शॉप में गैस पाइप फटने से आग धधक उठी। घटना में डेयरी स्वामी और एक अन्य व्यक्ति झुलस गए। घनी आबादी होने हड़कंप मचा रहा। गनीमत रही कि अग्निशमन विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। इसके बाद भी डेयरी संचालक को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा। एलआरसाह रोड पर विशाल मार्ट के पास गोपाल सिंह निवासी पोखरखाली वर्षों से डेयरी चलाते हैं। यह डेयरी पूरे नगर में प्रसिद्ध है। रोज की तरह वह गुरुवार सुबह भी डेयरी में उत्पाद बनाने में जुटे हुए थे। इस दौरान एकाएक गैस पाइप फट गया।
इससे दुकान में आग धधक उठी। आग बुझाने के चक्कर में 97 वर्षीय गोपाल सिंह और वहां काम करने वाले 36 वर्षीय रविंद्र सांगा झुलस गए। इससे डेयरी में दूध व अन्य उत्पाद लेने के लिए पहुंचे लोगों में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। आसपास अन्य मकान होने से लोगों में दहशत फैल गई। जब तक कोई कुछ समझ पाता आग की लपटों ने पूरी दुकान को अपने आगोश में ले लिया। सूचना दमकल विभाग को दी गई। अग्निशमन अधिकारी महेश चंद्र के नेतृत्व में मौके पर पहुंची टीम ने आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। लेकिन तब तक दुकान के अंदर रखे सामान आदि को काफी नुकसान पहुंच चुका था। आग बुझाने के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग बुझाने वालों में किशन सिंह, लक्ष्मण सिंह, गिरीश धारियाल, हरि सिंह, मुकेश सिंह, रमेश सिंह, उमेश कुमार, उमेश चन्द्र सिंह, योगेश शर्मा, महमूद, जीवन जोशी, श्याम लाल, चांदनी, मेनिका, स्वाती, कल्पना, लीला, संजय सिंह आदि रहे। हाथ, छाती और चेहरा झुलसा डेयरी में आग लगने से गोपाल सिंह करीब 37 फीसदी झुलस गए। आग ने उनके हाथ, चेस्ट और चेहरे को अपनी चपेट में ले लिया। वहीं रविंद्र सांगा 20 फीसदी झुलसे हुए हैं। उनके हाथों को आग झुलसा दिया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल दोनों खतरे से बाहर हैं। दोनों का उपचार किया जा रहा है। घट सकता था बड़ा हादसा एलआरसाह मार्ग पर जिस जगह डेयरी में आग धधकी उसके आसपास कई मकान हैं। अधिकांश मकान लकड़ी के बने हुए हैं। आग की लपटें तेजी से फैलने लगी थीं। इससे लोगों में हड़कंप मचा रहा। गनीमत रही कि समय रहते अग्निशमन की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाया। नहीं तो नगर में आग से बड़ी घटना घट सकती थी। अधिकारी और जनप्रतिनिधि पहुंचे आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर अधिकारी और जनप्रतिनिधि पहुंच गए। विधायक मनोज तिवारी ने हालात का जायजा लिया। एसडीएम ने मौका मुआयना किया। बाद में एसएसपी देवेंद्र पींचा ने आग लगने के कारणों की जानकारी ली। इसके अलावा नगर के कई लोग मौके पर पहुंच गए। इससे घटनास्थल में अफरा तरफी का माहौल बना रहा। एलआरसाह मार्ग हुआ पूरी तरह जाम आग लगने की सूचना पर तमाम लोग एलआरसाह मार्ग पहुंच गए। वहीं संकरी सड़क पर अग्निशमन वाहन आग बुझाने में जुट गया। इससे सड़क पूरी तरह से जाम हो गई। आग बुझाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए पुलिस ने लोगों को शिखर तिराहे पर ही रोक लिया। लोगों को जाखनदेवी होते हुए आगे निकलना पड़ा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।