सीजनल मृतक आश्रितों को नियुक्ति पत्र बांटे
गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा ने चीनी मिल परिसर में 71 सीजनल मृतक आश्रितों को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि इन आश्रितों ने लंबे समय तक संघर्ष किया है। सौरभ ने किसानों से मिल को और सहयोग करने की...

गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा सोमवार को चीनी मिल परिसर पहुंचे और बाजपुर, जसपुर, किच्छा के 71 सीजनल मृतक आश्रितों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इससे पूर्व चीनी मिल पहुंचने पर भाजपाइयों और मृतक आश्रितों ने गन्ना मंत्री का स्वागत किया। सभा में गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि सीजनल मृतक आश्रितों ने काफी लंबी लड़ाई लड़ी है, जिसका फल उन्हें आज मिला है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट में मंजूरी मिलने के बाद कर्मचारियों को आज नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं। कहा कि चीनी मिल किसी पार्टी की नहीं है, मिल किसानों और कर्मचारियों से है। जब प्रदेश के किसान और कर्मचारी खुश होंगे, तभी चीनी मिल तरक्की करेगी।
सौरभ बहुगुणा ने प्रदेश के किसानों से मिल को और अधिक सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि 3 वर्ष पहले तक चीनी मिल के आधुनिकीकरण के लिए कोई फंड नहीं था, पर कैबिनेट में मंजूरी के बाद बनाया गया। इससे 3 वर्षों में चीनी मिल को 80 करोड़ की लागत से आधुनिक किया गया है। उन्होंने कहा कि बीते वर्ष गन्ने का नुकसान हुआ है, जिससे मिल और किसानों को भी परेशानियों हुई है। सरकार को हर वर्ष चीनी मिल को नुकसान की भरपाई को 220 करोड़ भुगतान करने पड़ते थे पर 3 वर्षों से मिल के आधुनिकीकरण के बाद से करीब 60 करोड के नुकसान में कमी आई है। बीते पेराई सत्र का करीब 80 प्रतिशत गन्ने का भुगतान किया जा चुका है और बाजपुर के किसानों के गन्ने का जुलाई के पहले सप्ताह में कर दिया जाएगा। सौरभ बहुगुणा ने ये भी बताया कि दर्जाधारी मनजीत सिंह राजू द्वारा किसानों को समय से गन्ने का बीज उपलब्ध करवाने को लेकर भी वार्ता की है। चीनी मिल श्रमिकों के वेतन में कटौती की समस्या भी सामने आई है। इसके समाधान को वह मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे। ये रहे मौजूद- सभा में भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, गदरपुर विधायक अरविंद पांडे, जसपुर विधायक आदेश चौहान, दर्जाधारी मंजीत सिंह राजू, भाजपा नेता राजेश कुमार, टिंकू यादव, गौरव शर्मा, कौशल्यापुरी के चेयरमैन राजीव सैनी, गुरमुख सिंह, यशपाल राजहंस, कमलेश कुमार, धर्मपाल, फेडरेशन के महाप्रबंधक विजय पांडे, जसपुर जीएम चंद्र सिंह इम्लाल, किच्छा जीएम त्रिलोक सिंह मर्तोलिया, सीसीओ राजीव कुमार, महेंद्र कालरा आदि अनेकों लोग मौजूद थे। भाकियू से जुड़े किसानों ने समस्याएं बताई चीनी मिल गेस्ट हाउस में भाकियू से जुड़े किसान गन्ना मंत्री से मिले और परेशानियों से अवगत कराया। किसानों ने कहा कि गन्ने की नई किस्म पैदा करनी चाहिए, जिससे गन्ने की पैदावार बढ़ाई जा सके। किसानों ने पेराई सत्र के दौरान ही किसानों के भुगतान की मांग बहुगुणा से की। वहीं सौरभ बहुगुणा ने किसानों की सभी समस्याओं को दूर करने का भरोसा दिया। मौके पर भाकियू प्रदेश अध्यक्ष कर्म सिंह पड्डा, अजीत प्रताप रंधावा आदि मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।