आगे सोनम, पीछे राजा रघुवंशी; सामने आया आखिरी वीडियो, तीनों हत्यारों के दिखने का भी दावा
एक यूजर ने इंस्टाग्राम पर दावा किया है कि उसके कैमरे में गलती से सोनम और राजा रघुवंशी का वीडियो रिकॉर्ड हो गया था। इसके कुछ देर बाद ही राजा की हत्या कर दी गई।

हनीमून मनाने मेघालय गए इंदौर के कपल राजा और सोनम रघुवंशी का एक वीडियो सामने आया है। दावा किया गया है कि एक टूरिस्ट के कैमरे में यह वीडियो गलती से कैद हो गया था। वीडियो में देखा जा सकता है कि सोनम और राजा दोनों साथ-साथ ट्रेकिंग कर रहे हैं। सोनम आगे-आगे चल रही है। वहीं राजा पीछे-पीछे बोतल और अन्य सामान लेकर चल रहे हैं। सोनम के हाथ में एक थैली भी थी। देव सिंह नाम के यूजर ने वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए कहा कि 23 मई 2025 को डबल डेकर रूट पर ट्रैकिंग के दौरान यह वीडियो बन गया था। एक दिन पहले ही वीडियो खंगालते वक्त उन्हें इंदौर का कपल दिखाई दिया।
देव सिंह ने कहा कि राजा और सोनम ऊपर की ओर जा रहे थे। जबकि वे नोग्रिएट गांव में रुकने के लिए नीचे की ओर उतर रहे थे। वीडियो रिकॉर्ड करने वाला शख्स ने दावा किया कि राजा उस वक्त बहुत ही बेफिक्र नजर आ रहा था। यूजर ने कहा कि सोनम और राजा से 20 मिनट पहले ही इंदौर के तीन और युवकों ने भी ऊपर की ओर चढ़ाई की थी। बता दें कि राजा की हत्या मामले में इंदौर के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वीडियो शेयर करने वाले ने यह भी दावा किया कि राजा की लाश के पास से जो सफेद शर्ट मिला था, सोनम वही शर्ट पहनकर ट्रेकिंग कर रही थी।
हत्यारों के दिखने का भी दावा
देव सिंह नाम के यूजर ने दावा किया कि इस मामले में गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी भी वीडियो में रिकॉर्ड हो गए थे। यूजर ने दावा किया कि करीब 9 बजकर 25 मिनट पर तीनों ने उन्हें क्रॉस किया था। इसके 20 मिनट बाद सोनम और राजा रघुवंशी भी ऊपर की ओर गए।
बता दें कि 23 मई को ही राजा रघुवंशी की हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि सोनम रघुवंशी ने तीन लोगों को राजा की हत्या का काम सौंपा था। हत्या के दौरान सोनम भी वहीं मौजूद थी। इसके बाद वह छिपते-छिपाते इंदौर और फिर उत्तर प्रदेश के गाजीपुर पहुंच गई। पुलिस ने सोनम और चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।