फिर बदलेगा उत्तराखंड का मौसम, 2 दिन होगी भारी बर्फबारी; IMD का बड़ा अपडेट
- Uttarakhand Mausam: उत्तराखंड का मौसम एक बार फिर से बदलने वाला है। राज्य में 25 फरवरी से जहां 3200 मीटर तक ऊंचाई पर बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। बर्फबारी के बाद तापमान तेजी से नीचे जाएगा।

Uttarakhand Mausam: उत्तराखंड में सात साल बाद फरवरी आखिर में मौसम फिर बदलने जा रहा है। राज्य में 25 फरवरी से जहां 3200 मीटर तक ऊंचाई पर बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। वहीं 27 और 28 फरवरी को 2800 मीटर तक के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने फरवरी के आखिरी दो दिन राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक उत्तराखंड में मजबूत पश्चिमी विक्षोभ की वजह से एक बार फिर ठंड लौटने जा रही है। फरवरी के आखिरी दिनों में ऐसा मौसम सात साल पहले 2019 में रहा था। तब देहरादून का न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इस बार भी 27 और 28 फरवरी को फिर सर्द दिन रहने वाले हैं। राज्य के 2800 मीटर तक की ऊंचाई वाले अधिकांश हिस्सों में दो दिन बर्फबारी होने की संभावना है। इससे पहले 25 फरवरी को उत्तरकाशी चमोली और रुद्रप्रयाग जिले में कुछ स्थानों पर बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
बीते दिनों उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश देखने को मिली थी। चकराता के लोखंडी और धनोल्टी में बारिश के साथ ही बर्फबारी भी देखने को मिली थी। बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश का तापमान तेजी से नीचे गिरा है। यहां बर्फबारी के बाद तापमान काफी नीचे चला गया है। अब 27 और 28 फरवरी को बर्फबारी के बाद तापमान में एक बार फिर से भारी गिरावट देखने को मिलेगी। इसके बाद अगले कुछ दिनों तक उत्तराखंड का मौसम साफ रहेगा। हालांकि, प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फबारी जारी रहेगी। बारिश और बर्फबारी से उत्तराखंड के पर्यटक स्थलों पर लोगों के चेहरे खिले हुए हैं। स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। माना जा रहा है कि बर्फबारी के कारण पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और उनका व्यापार अच्छा होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।