उत्तराखंड के पहाड़ों पर गर्मी छुड़ा रही पसीने, मॉनसून पर आया अपडेट, पढ़िए वेदर अलर्ट
उत्तराखंड के कई जिलों में इन दिनों भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। दिनभर तेज धूप और उमस की वजह से तापमान काफी बढ़ गया है। हालांकि आज कुछ जगहों पर बारिश के आसार हैं।

उत्तराखंड में इन दिनों गर्मी का प्रकोप चरम पर है। मंगलवार को दून समेत उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में चटख धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। दून में लगातार दूसरी बार इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक यानी 39.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
38 डिग्री को पार कर गया पारा
बीते तीन दिनों से तापमान में इजाफा हो रहा है। सोमवार को अधिकतम पारा 38 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा था। मंगलवार रात का तापमान भी सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक यानी 25.7 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया था। वहीं, गर्मी से निजात पाने के लिए लच्छीवाला में पर्यटकों की भारी भीड़ जुटी। यहां लोग नहरों में नहाते हुए नजर आए।
स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने की सलाह
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. प्रवीण पंवार ने गर्मियों में सतर्कता बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि गर्म मौसम में दूषित पानी और बाहर का खाना सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने के साथ ही हल्का भोजन, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। इस मौसम में गैस, अपच, डिहाइड्रेशन और डायरिया जैसी समस्याएं परेशान कर सकती हैं।
पहाड़ों में आज हल्की बारिश की संभावना
मौसम निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह के अनुसार, बुधवार को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मैदानी क्षेत्रों में भी कुछ जगह बारिश की संभावना है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में 15 जून तक मानसून दस्तक दे सकता है।
हरिद्वार में 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा पारा
हरिद्वार में मंगलवार को गर्मी का प्रकोप बढ़ गया। अधिकतम तापमान रिकॉर्ड 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। साथ ही न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बहादराबाद अनुसंधान केंद्र के अनुसार, मंगलवार साल का सबसे गर्म दिन रहा। उमस, धूप की तपिश और बढ़ते तापमान के बीच मंगलवार को धर्मनगरी में लोग भीषण गर्मी से परेशान रहे। मंगलवार को दोपहर के समय गर्मी के प्रकोप के बीच सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई।
पछुवादून में पारा 37 डिग्री के पार, गर्मी से हाल-बेहाल
तीन दिन से दिन में जहां गर्म हवाएं पसीने छुड़ा रही है तो रात को भी उमस से लोग परेशान हैं। विकासनगर और आसपास अधिकतम पारा 37 डिग्री के पार जा रहा है। ऊर्जा निगम के ईई अमित सक्सेना ने कहा कि गर्मी होने से अचानक लोड बढ़ गया है। कोशिश है कि गर्मी में ज्यादा ट्रिपिंग न हो।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।