शिलगूर विजट महाराज आज चूड़धार में करेंगे शाही स्नान
खत समाल्टा (मझियारना) के आराध्य देव बमराड़ गांव स्थित शिलगूर विजट महाराज के देव चिन्हों को 13 साल बाद शाही स्नान के लिए मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के चु

खत समाल्टा (मझियारना) के आराध्य देव बमराड़ गांव स्थित शिलगूर विजट महाराज के देव चिन्हों को 13 साल बाद शाही स्नान के लिए मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के चूड़धार ले जाया गया। इससे पहले समाल्टा खतवासियों ने शिलगूर बिजट महाराज के गंगा स्नान के लिए रविवार को हरिद्वार के लिए प्रस्थान किया और सोमवार सुबह हरिद्वार में शाही स्नान कराया गया। उसके पश्चात रात्रि विश्राम साहिया सनातन धर्म मंदिर परिसर में किया। देवता के दूसरे शाही स्नान के लिए मंगलवार को खत समाल्टा के ढाई सौ श्रद्धालुओं ने हिमाचल प्रदेश के चूड़धार के लिए प्रस्थान किया। बुधवार तड़के चार बजे शिलगूर बिजट महाराज शाही स्नान के बाद वापसी के दौरान चकराता के पुरोड़ी में रात्रि विश्राम करेंगे।
गुरुवार को पुरोड़ी से देवता बमराड़ गांव स्थित शिलगूर बिजट महाराज मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे। देवता के जागड़े में समाल्टा, पाटा, फटेऊ, ईच्छाला, झुसौ भाकरोऊ, बमराड़, थैत्योऊ, डामटा, ददोली, बराड़ और माटला सहित आसपास के कईं गांवों के श्रद्धालु दर्शन के लिए आएंगे। मान्यता अनुसार हर 12 साल बाद देवता को हरिद्वार और हिमाचल प्रदेश के चूड़धार आदि तीर्थों पर शाही स्नान कराए जाते हैं, लेकिन इस बार करीब 13 साल बाद देवता और देव चिन्हों का पहला शाही स्नान हरिद्वार व दूसरा शाही स्नान हिमाचल प्रदेश के चूड़धार मंदिर में होगा। इस पल को देखने हजारों की संख्या में खत के साथ ही आसपास के गांवों से श्रद्धालु बमराड़ गांव पहुंचेंगे। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा। देवता के शाही स्नान यात्रा में पुजारी दाताराम जोशी, श्याम दत्त जोशी, बजीर विपीन तोमर, भंडारी अजब सिंह चौहान, अर्जुन सिंह चौहान, चतर सिंह तोमर, संसार सिंह तोमर, सतपाल सिंह चौहान, गंगा सिंह चौहान, जयपाल सिंह तोमर आदि शामिल रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।