खुशखबरी! गर्मी से जल्द मिलेगी राहत, झमाझम होने वाली है बारिश; मौसम विभाग का अलर्ट
पिछले 24 घंटों में जम्मू क्षेत्र में गरज और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। इस दौरान जम्मू शहर में 46.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस बीच, केंद्र शासित प्रदेश में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है।

देश के कई हिस्सों में मॉनसून की दस्तक के साथ मौसम तेजी से बदल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं की संभावना है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और दक्षिण गुजरात में ऊपरी हवा का चक्रवाती सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके कारण दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में 16 से 18 जून तक तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश होगी। कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश भी हो सकती है। तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 16 जून को 20 सेमी से अधिक बरसात की आशंका है। केरल, लक्षद्वीप और कर्नाटक में 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पश्चिमी भारत में गुजरात, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 16 से 20 जून तक भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र और गुजरात में 16 जून को भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी और मध्य भारत में अंडमान-निकोबार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा में 16 से 20 जून तक बारिश, आंधी का अनुमान है। इस दौरान 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और झारखंड में 17-19 जून को भारी से अति भारी बारिश की संभावना है।
16 से 22 जून तक भारी बारिश के आसार
उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम सक्रिय रहेगा। उत्तर-पश्चिम भारत में 16 से 22 जून तक भारी बारिश होगी। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इस दौरान 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान की आशंका है। राजस्थान में 16 जून को धूल भरी आंधी भी चल सकती है। पूर्वोत्तर भारत में अगले 7 दिनों तक असम और अन्य राज्यों में भारी से अति भारी बारिश और आंधी की संभावना बनी रहेगी। जम्मू-कश्मीर में आने वाले दिनों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग सोमवार को कहा कि 20 जून तक केंद्र शासित प्रदेश में अलग-अलग हिस्सों में तेज हवा चलने के साथ बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। 21 से 23 जून के बीच मौसम अधिक सक्रिय रहने की उम्मीद है। प्रदेश के कई हिस्सों में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और रुक-रुककर बारिश व गरज के साथ बौछारें पड़ने के असार हैं।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।