भारत-नेपाल सीमा पर वीडियो बनाते 2 चीनी युवक गिरफ्तार, फोन से मिला खालिस्तानी कंटेंट
बिहार में नेपाल बॉर्डर पर भारतीय सीमा में स्थित चेक पोस्ट का वीडियो बनाते हुए दो चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। उनके फोन से खालिस्तान समर्थित वीडियो कंटेंट भी मिला है।

बिहार के मधुबनी जिले में भारत-नेपाल सीमा पर वीडियो बना रहे दो संदिग्ध चीनी नागरिकों को पकड़ा गया है। हरलाखी थाना क्षेत्र में नेपाल बॉर्डर पर मुख्य मार्ग जटही-पिपरौन पर एसएसबी ने बुधवार की देर शाम इन्हें गिरफ्तार किया। गुरुवार को इन्हें जेल भेज दिया गया। दोनों वीडियो ब्लॉगर बताए जा रहे हैं। वे भारतीय सीमा में स्थित चेक पोस्ट का वीडियो बना रहे थे। जांच में उनके फोन से खालिस्तानी समर्थित कंटेंट भी मिला है। इससे एसएसबी अधिकारी भी चौंक गए।
शुरुआत में पूछताछ के दौरान दोनों चीनी युवकों की भाषा एसएसबी को समझ मे नहीं आ रही थी। एक चीनी भाषा बोल रहा था तो दूसरा टूटी-फूटी अंग्रेजी। चीनी युवकों से लिखित में लेकर गूगल ट्रांसलेट के माध्यम से एसएसबी को बताया गया कि एक चीनी युवक का नाम वू हैलॉन्ग (38) और दूसरा शेंग जूनयोंग (30) है। एक चीन के लयोनिंग प्रोविंस और दूसरा औंगहुई जिनिंग सेंगेनसी का रहने वाला है।
बीते 12 दिनों में केवल मधुबनी जिल में भारत-नेपाल की खुली सीमा पर 3 चीनी व्यक्ति गिरफ्तार किए जा चुके हैं। 10 दिन पहले ही लदनिया बॉर्डर पर संदिग्ध देखकर एसएसबी जवान ने चाइनीज नागरिक युशिचाओं नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार युवक से पूछताछ के दौरान किसी प्रकार का वैध दस्तावेज नहींमिला। उसके बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था। भारत-नेपाल की खुली सीमा से घुसपैठ की कोशिश में इजाफा हो रहा है। पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए ऑपेरशन सिंदूर के खत्म होते ही भारत-नेपाल बॉर्डर पर संदेहास्पद गतिविधि बढ़ने लगी है।
हाल ही में गिरफ्तार किए गए दोनों चीनी नागरिकों ने बताया कि दोनों नेपाल के जनकपुर से आए। उनके दस्तावेज एवं पासपोर्ट जनकपुर, नेपाल के होटल मिथिला चिरायु में हैं। उनके पास भारत में प्रवेश करने का कोई वैध कागजात नहीं पाया गया। एसएसबी से मिली जानकारी के अनुसार दोनों चाइनीज युवक भारतीय सीमा में बने चेक पोस्ट की वीडियोग्राफी कर रहे थे। इसके बाद एसएसबी ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवक से जब ये पूछा गया कि वो वीडियोग्राफी क्यों कर रहा था, तो उसने चौंकाने वाले जवाब दिया। युवक ने बताया कि वो टिकटॉक पर वीडियो बनाता है इसलिए वो वीडियो बना रहा था। पूछताछ के दौरान और भी कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पहले युवक के द्वारा बताया गया कि उसे अंग्रेजी या नेपाली भाषा नहीं आती है। इसके बाद भारतीय एजेंसी ने चाइनीज एक्सपर्ट को बुलाया और उससे पूछताछ की गई।
जब दोनों गिरफ्तार युवक के संबंध के बारे में पूछा गया तो वू हैलॉन्ग ने बताया कि वो एक महीना पहले से ही एक-दूसरे को जानते हैं। इसके बाद से जांच एजेंसी का शक और गहरा गया।
मोबाइल में मिले खालिस्तानी समर्थकों के वीडियो:-
गिरफ्तार हुए युवक के मोबाइल की तलाशी के दौरान जांच एजेंसी के होश उड़ गए। सूत्रों की माने तो शेंग जूनयोंग नामक चाइनीज युवक के फोन में कई संदेहास्पद वीडियो पाए गए हैं। मोबाइल में खालिस्तानी समर्थक एवं उनसे जुड़े वीडियो भी देखे गए हैं। साथ ही भारत से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी मिली हैं।