राजस्व कर्मी के यहां छापे में मिले 3 लाख कैश, वसूली के लिए बना रखा था अवैध ठिकाना
वैशाली जिले के लालंगज में राजस्व कर्मी अवधेश प्रसाद ने वसूली के लिए सरकारी कार्यालय से अलग अवैध ठिकाना बना रखा था। पुलिस-प्रशासन की टीम ने वहां छापेमारी कर 3 लाख रुपये कैश बरामद किए। तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।

बिहार के वैशाली जिले में एक राजस्व कर्मी के अवैध ठिकाने पर बुधवार शाम छापेमारी की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर हाजीपुर एसडीओ के नेतृत्व में लालगंज नगर परिषद के राजस्व कर्मचारी अवधेश प्रसाद के अवैध कार्यालय पर छापेमारी की गई। भ्रष्टाचार के मामले में पुलिस ने उसे दबोचा और उसके ठिकाने से 3 लाख रुपये कैश भी बरामद किए गए। पुलिस ने वहां से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ के बाद देर शाम तक कार्रवाई चलती रही। बताया जा रहा है कि राजस्व कर्मी ने अपने कार्यालय में न बैठकर अवैध रूप से अलग ठिकाना बना रखा था। वहां से वह लोगों से उगाही करता था।
बुधवार की शाम हाजीपुर एसडीओ रामबाबू बैठा ने लालगंज सीओ स्मृति साहनी, एसडीपीओ लालगंज गोपाल मंडल, लालगंज थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु एएसपी शैलजा, एसआई संतोष कुमार और अन्य पुलिस बल के साथ लालगंज नगर परिषद के राजस्व कर्मचारी अवधेश प्रसाद के लालगंज के रेपुरा स्थित अवैध कार्यालय पर छापेमारी की। छापेमारी के लिए पहुंचे अधिकारियों के जांच-पड़ताल शुरू करते ही हड़कंप मच गया।
इस दौरान अवैध रूप से चलाए जा रहे दफ्तर में मौजूद बिचौलियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। उन सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस संदर्भ में एसडीएम रामबाबू बैठा ने बस इतना बताया कि छापेमारी में कई महत्वपूर्ण कागजात, लैपटॉप के साथ ही कैश भी बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। हिरासत में लिए गए राजस्वकर्मी के मोबाइल चैटिंग को भी खंगाला जा रहा है। जिससे कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगने की उम्मीद है। जब्ती सूची भी इस दौरान वहां मौजूद पदाधिकारियों ने बनाई है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ वैशाली जिला प्रशासन की लालगंज में की गई इस कार्रवाई की खबर जैसे ही फैली, हड़कंप मच गया। मालूम हो कि जिला प्रशासन को कई पंचायतों से यह शिकायत मिल रही थी कि राजस्व कर्मचारी अपने कार्यालय में नहीं बैठकर अपना अलग ठिकाना बना लिए हैं। वहां अवैध रूप वसूली करने में वे सहूलियत महसूस करते हैं। जबकि उनके इस रवैये से आमजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। एसआई संतोष कुमार ने बताया कि तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। 03 लाख आठ हजार रुपए कैश बरामद किया गया है। मामला दर्ज किया जा रहा है।