जिले में 365 बाढ़ राहत शिविर व 305 सामुदायिक रसोई स्थल चिह्नित
अररिया में शनिवार को हुई बैठक में राज्य के काबीना मंत्री नीतीश मिश्रा ने अधिकारियों के साथ बाढ़ और सुखाड़ की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में खाद्य आपूर्ति, पॉलिथीन शीट्स, नावों और राहत शिविरों की...

अररिया, संवाददाता शनिवार को समाहरणालय सभागार में हुई बैठक में राज्य के काबीना मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने डीएम सहित अन्य अधिकारियों के संग बैठक कर बाढ़ और सुखाड़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में डीएम अनिल कुमार और राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री विजय कुमार मंडल, एसपी अंजनी कुमार के अलावा विधायक मंचन केसरी और जय प्रकाश यादव भी भी विशेष रूप से उपस्थित थे। जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक बैठक में प्रभारी मंत्री को बताया गया कि संभावित बाढ़ के मद्देनजर खाद्य पदार्थ आदि की आपूर्ति के लिए आपूर्तिकर्ताओं का चयन कर लिया गया है।
जिले में 28,390 पॉलिथीन शीट्स उपलब्ध हैं। वहीं नोडल जिला पूर्णिया से 20,000 पॉलिथीन शीट्स की अधियाचना की गई है। जिले में परिचालन योग्य 240 नाव उपलब्ध हैं। इसके अलावा एसडीआरएफ के पास छह मोटरबोट और छह आउट बोर्ड मोटर उपलब्ध है। साथ ही जिला आपदा भण्डार में 04 मोटरबोट उपलब्ध है। ये भी जानकारी दी गई कि जिले में 365 बाढ़ राहत शिविरों और 305 सामुदायिक रसोई स्थलों को चिन्हित किया गया है। तटबंध कटाव निरोधक कार्य भी पूरा किया जा चुका है। साथ ही तटबंधों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक एक किलोमीटर पर अभियंताओं की प्रतिनियुक्ति की गई है। बताया गया कि वर्तमान में जिला अंतर्गत सुखाड़ की स्थिति नहीं है। बताया गया कि समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री द्वारा संबंधित पदाधिकारी को कई जरूरी दिशा निर्देश दिये गये। उन्होंने कहा कि बाढ़ पूर्व आवश्यकता अनुसार सभी तैयारियां ससमय सुनिश्चित कर ली जाये। बैठक में अपर समाहर्ता, डीडीसी, सिविल सर्जन, दोनों एसडीएम, सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता बाढ़ नियंत्रण सहित अन्य संबंधित सभी विभागों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे। अररिया फोटो: 11 समाहरणालय सभागार में हुई समीक्षा बैठक में राज्य के काबीना मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री, डीएम, एसपी, विधायक व अन्य जिला प्रभारी मंत्री पहुंचे महिला संवाद कार्यक्रम में, किया संवाद अररिया, संवाददाता जिले में शनिवार को आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम की खास बात ये रही कि जिले के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने ऐसे एक कार्यक्रम में पहुंच कर उपस्थित महिलाओं से संवाद किया। सदर प्रखंड के गैयारी पंचायत में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री सह राज्य के उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा ने भी हिस्सा लिया। महिलाओं से मुखातिब होते उन्होंने बिहार सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए हमेशा तत्पर रहती है। महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार की ओर से कई तरह की योजनाएं चलाई जा रही हैं। जिसका लाभ प्रदेश की आधी आबादी को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि महिला संवाद के दौरान जो आकांक्षाएं लघु या कुटीर उद्योग से संबंधित आ रही हैं उसे प्राथमिकता से लिया जाए। साथ ही इसे पूरा करने के लिए जीएम, डीआईसी तक पहुंचाएं ताकि योजनाओं को धरातल पर लाया जा सके और महिलाओं को इसका लाभ मिल सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।