भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल, 36 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान का पारा
अररिया जिले में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पिछले चार दिनों में तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है, जिससे गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए छायादार स्थानों...

जिले में फिर मौसम का बदल रहा मिजाज, भीषण गर्मी बनी आफत पिछले चार दिन में चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा तापमान का पारा अररिया, निज प्रतिनिधि पिछले कुछ दिनों से जिले में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। जिले में फिर बारिश थमने के बाद धूप के साथ उमस भरी गर्मी लोगों के लिए आफत बन गई है। पिछले दो-तीन दिनों में तापमान का पारा करीब चार डिग्री सेल्सियस चढ़ने के साथ गर्मी का प्रकोप बढ़ गई है। भीषण गर्मी से बचने के के लिए लोग इधर-उधर बिलबिलाते नजर आते हैं। सोमवार को भी भीषण गर्मी से बचने के लिए कुछ लोग अपने बच्चों के साथ शहर के चांदनी चौक के पास वट वृक्ष के नीचे राहत पाते नजर आए।
सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 36 डिग्री पहुंच गया जबकि न्यूनतम पारा 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। सुबह से ही तेज धूप के साथ उमस भरी गर्मी लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया। दोपहर होते-होते तेज धूप के साथ मौसम में उमस बढ़ गयी। दिन चढ़ने के साथ धूप की तपिश के साथ उमस भरी गर्मी लोगों के लिये आफत बन गया। चिलचिलाती धूप से लोगों का हाल बेहाल रहा। दोपहर के वक्त लोगों को भीषण गर्मी से पंखे भी राहत नहीं पहुंचा पा रही थी। लोगों को 46 डिसे तापमान के बराबर गर्मी का एहसास होता रहा। दोपहर के बाद तेज धूप की तपिश तो थोड़ी कम हुई मगर मौसम में उमस बरकरार रही। जिला मुख्यालय समेत जिले के अलग-अलग जगहों पर रूक-रूककर गर्म हवा चलने के कारण हीट वेव का खतरा बना रहा। राहगीरों को आवाजाही करने में काफी दिक्कतें झेलनी पड़ी। धूप और उमस भरी गर्मी से लोगों के पसीने छूटते रहे। भीषण गर्मी से बचने के लिये लोग पंखे, एसी, कूलर आदि का सहारा लेते नजर आये। खासकर दोपहर के वक्त उमस इतनी बढ़ गयी कि पंखे की हवा भी लोगों को राहत नहीं पहुंचा पा रही थी। इधर मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक तापमान में उतार चढ़ाव जारी रहेगा। जिले में अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। इसके बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है। वहीं दूसरी ओर जिले में गर्मी का प्रकोप बढ़ते ही ठंडई की डिमांड बढ़ गई है। शहर के विभिन्न जगहों पर गन्ने का जूस, बेल का जूस समेत डाभ आदि की दुकानें सजने लगी है। गर्मी से परेशान लोग राहत पाने के लिए इन दुकानों पर जमे नजर आते हैं। शहर के विभिन्न चौक चौराहे पर पेय पदार्थों की दुकानों पर अच्छी खासी रौनक दिख रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।