चौतरफा हमले की चुनौतियों का सामना कर रहा मजदूर आंदोलन: अंजनी
भारतीय ट्रेड यूनियन केंद्र (सीटू) के 56वें स्थापना दिवस पर शुक्रवार को जिला कार्यालय में हुआ कार्यक्रम

बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। भारतीय ट्रेड यूनियन केंद्र सीटू के 56वें स्थापना दिवस पर शुक्रवार को सीटू जिला कार्यालय रणदिवे भवन कपासिया के प्रांगण में श्रमिक अधिकार संघर्ष संकल्प समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अध्यक्षता वरिष्ठ सीटू नेता सुरेश प्रसाद सिंह ने की और संचालन बीड़ी मजदूर यूनियन नेता राम विनय सिंह ने किया। कार्यक्रम में अमर शहीद सेना के जवानों, पहलगाम के दिवंगत पर्यटकों, ट्रेड यूनियन आन्दोलन के अमर शहीदों एवं प्राकृतिक आपदा के शिकार दिवंगतों के प्रति दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मौके पर सीटू बिहार राज्य सचिव सह बेगूसराय जिला पार्षद अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि अपने स्थापना काल से सीटू ने देश के मजदूर वर्ग के सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अधिकार को हासिल करने के आंदोलन के लिए एक से बढ़कर एक कुर्बानियां दी है।
देश का मजदूर आंदोलन सांप्रदायिक फासीवादी शासक वर्ग के चौतरफा हमले की चुनौतियों का सामना कर रहा है। बरसों की कुर्बानी से हासिल श्रम कानून और न्यूनतम मजदूरी कानून की हत्या करके चार श्रम संहिता के माध्यम से कॉरपोरेट कंपनी राज स्थापित किया जा रहा है। कहा कि नौकरियों को स्कीमों में बांटकर मिड डे मील रसोइया, आशा कार्यकर्त्ता आंगनबाड़ी,सहित सभी योजनाओं में कार्यरत महिलाओं को बंधुआ मजदूर से भी बदतर हालत में पहुंचा दिया गया है। ग्रामीण क्षेत्र के असंगठित मजदूरों की हालत और भी चिंता जनक है। चार लेबर कोड को लागू किए जाने के बाद 8 घंटे के जगह मजदूरों से 12 घंटे काम लेकर उन्हें पाशुवत जीवन जीने के लिए मजबूर कर दिया जायेगा। इसलिए चारों लेबर कोड के खात्मे के मुद्दे को लेकर आगामी 9 जुलाई को अखिल भारतीय आम हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया। समारोह को फर्टिलाइजर एक्स सर्विस मेंस एसोसिएशन नेता अभिनंदन झा, बिहार स्टेट ऑटो चालक संघ अध्यक्ष विजय कुमार रजक, सचिव मुकेश पोद्दार, उपाध्यक्ष ललन कुशवाहा, मुकेश कुमार झा बिहार स्टेट ई रिक्शा चालक संघ के अध्यक्ष मिथिलेश मिश्र, सचिव चिंटू कुमार, बीड़ी मजदूर यूनियन नेता साबरा खातून, मोहम्मद इम्तियाज तथा भारतीय मोबाइल टावर कामगार यूनियन नेता उदय कुमार सिंह आदि ने संबोधित किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।