कटिहार: मोदी सरकार का यह कार्यकाल स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा
कटिहार में भारतीय जनता पार्टी ने मोदी सरकार के 11 वर्षों की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का जश्न मनाया। डॉ. प्रीति शेखर ने कहा कि मोदी सरकार का कार्यकाल भारत के लिए स्वर्णिम है, जिसमें भ्रष्टाचार की...

कटिहार ,एक संवाददाता। विकसित भारत का अमृत काल,सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर कटिहार जिला मुख्यालय में भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को प्रदेश भाजपा मीडिया पैनलिस्ट एवं भागलपुर की पूर्व उप महापौर डॉ प्रीति शेखर ने सम्बोधित किया। इस दौरान प्रेस को संबोधित करते हुए भाजपा नेत्री डॉ. प्रीति शेखर ने कहा कि देश के इतिहास में मोदी सरकार का यह कार्यकाल स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। यह कार्यकाल विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की सिद्धि का स्वर्णिम काल बन रहा है। 11 साल के निरंतर जारी सफर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में समेटना उतना ही मुश्किल है जैसे पूरी जिंदगी को कुछ पन्नों में समेटना।
पिछले 11 वर्षों में भारत को विकसित बनाने के अमृतकाल की शुरुआत की गई है। 2014 से पहले हमारी सोच थी कि काम कैसे होगा जबकि आज की सोच है यह काम अवश्य होगा क्योंकि मोदी है तो मुमकिन है। डॉ. प्रीति ने कहा कि मोदी सरकार देश की राजनीति में पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस लेकर आई है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब सरकार का मतलब रेस्पॉन्सिव गवर्नमेंट, रिस्पांसिबल गवर्नमेंट और अकाउंटेबल गवर्नमेंट है। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले भारत में भ्रष्टाचार, घोटाले और तुष्टिकरण की बात सामने आई थी लेकिन अब विकास,आविष्कार और नवाचार की बातें हो रही हैं।पहले सरकारी योजनाओं के पैसे लोगों तक नहीं पहुंचते थे लेकिन अब डायरेक्ट बेनिफिट के माध्यम से सीधा जनता के अकाउंट में पैसे पहुंच रहे हैं। पहले इलाज के लिए सोचना पड़ता था और अब आयुष्मान भारत योजना से अस्पतालों में मुफ्त इलाज होता है। पहले हम इंपोर्ट पर आश्रित थे लेकिन आज मेक इन इंडिया की ताकत से एक्सपोर्ट में लीड कर रहे हैं। पहले हम दुनिया की अस्थिर अर्थव्यवस्था में आते थे आज दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर हैं। यह 11 साल विकास,विश्वास और बदलाव के रहे हैं।आज देश का हर नागरिक बदलते भारत को देख रहा है और अनुभव कर रहा है। मोदी ने देश की सफलता का श्रेय 140 करोड़ भारतीयों को दिया है और वे कहते हैं हम बदला नहीं बदलाव में यकीन रखते हैं क्योंकि ऊंचाई पर वही पहुंचते हैं जो बदल नहीं बदलाव लाने की सोच रखते हैं। रक्षा के क्षेत्र में भी भारत आत्मनिर्भर बन रहा है। आज भारत "मेड इन इंडिया" दुनिया में टेस्टेड और ट्रस्टेड बन चुका है। उन्होंने कहा कि पूर्व के कांग्रेस की सरकार सिर्फ गरीबी हटाओ के नारे देती थी लेकिन अब आंकड़े बताते हैं कि मोदी सरकार में 27 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से बाहर आ चुके हैं। प्रेस को संबोधित करते हुए डॉ. प्रीति शेखर ने कहा कि इन 11 वर्षों में हमारे महान संस्कृति का पुनरुद्धार और धार्मिक जागरण हो रहा है। इन 11 वर्षों में अपनी विरासत की पुरानी गरिमा वापस दिलाने का भगीरथ प्रयास हुआ है एवं इन्हें 11 वर्षों में जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाना,तीन तलाक खत्म करना,जीएसटी लागू करना,वक्फ बिल जैसे सख्त निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 साल को देखते हैं तो साफ दिखता है कि देश ने अंधेरे से उजाले तक, निराशा से आशा तक और भ्रष्टाचार से सुशासन तक एक ऐतिहासिक यात्रा तय की है। उन्होंने कहा कि इन 11 वर्षों की केंद्र सरकार की यात्रा को देखें तो हम गर्व से कहते हैं कि मोदी है तो मुमकिन है.. क्योंकि यह सिर्फ अब नारा नहीं बल्कि जमीनी सच्चाई बन चुकी है।अब राजनीति वादों की नहीं प्रदर्शन की संस्कृति पर टिकी है।अब विरासत भी है, विकास भी है और सांस्कृतिक धरोहर और आधुनिकता का समन्वय भी है।महिलाओं की भागीदारी है।महिलाओं को राजनीति में 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिला है तो आतंकवाद पर सख्त नीति अपनाई जाती है। भ्रष्टाचार पर प्रहार है तो भारत वैश्विक नेतृत्व में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया की निगाहें या भारत पर टिकी होती हैं और भारत अपने फैसले स्वयं लेती है। यह नया भारत है बदलता भारत है और विकसित श्रेणी में खड़े होने के लिए आतुर भारत है। प्रेस वार्ता के दौरान भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष मनोज राय, विधान पार्षद अशोक अग्रवाल, विधायक कविता पासवान, पूर्व विधायक विभाष चंद्र चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. चंद्रभूषण ठाकुर, जिला महामंत्री रामनाथ पांडे, सौरभ कुमार मालाकार, गोविंदा अधिकारी,जिला प्रवक्ता शंभू नाथ चौधरी, कमलेश भगत, महेंद्र झा,महिला मोर्चा अध्यक्ष रीना झा,कार्यालय मंत्री अजय दास, आईटी संयोजक रितेश रंजन समेत कई लोग मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।