मुंगेर: विश्व पर्यावरण दिवस पर वन विभाग की ओर से निकाली गई प्रभात फेरी
गुरुवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर हवेली खड़गपुर में पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। यह फेरी विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए आयोजित की...

हवेली खड़गपुर, एक संवाददाता। गुरुवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से वन प्रमंडल पदाधिकारी अम्बरीश कुमार मल्ल के निर्देश पर विभिन्न विद्यालय की छात्र छात्राओं को शामिल करते हुए प्रभात फेरी निकाली गई। वनों को क्षेत्रीय पदाधिकारी रॉबिन आनंद के मार्गदर्शन में निकाली गई प्रभात फेरी ने आंबेडकर चौक, नंदलाल बसु चौक से होकर नगर भ्रमण करते हुए पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रौशन ने अधिक से अधिक पौधा लगाने, प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा प्लास्टिक की जगह जूट, कपास, कागज से बने उत्पाद का उपयोग और प्रयोग करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्लास्टिक के कैरी बैग, पॉलीथिन आदि के उपयोग से स्वास्थ्य और मानव जीवन के साथ पशु पक्षी और पर्यावरण को काफी नुकसान पहुंच रहा है। इस दौरान वनों के क्षेत्रीय पदाधिकारी रॉबिन आनंद की ओर से प्रबुद्ध अतिथियों को सिंदूर और विद्यार्थियों को अमरूद का पौधा लगाने के लिए प्रदान किया गया। इस मौके पर बीडीओ प्रियंका कुमारी, राजस्व पदाधिकारी आशीष यादव, वनपाल चितरंजन कुमार, रवि कुमार, संजीत कुमार सुमन, राखी केशरी, रूपेश कुमार रुपेश समेत वन विभाग के कर्मी मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।