दोपहर में डेढ़ घंटे तक बरसे बादल, इस साल पहली बार हुई 52.7 मिमी बारिश
भागलपुर में सुबह से उमस और गर्मी के बीच दोपहर में बारिश हुई। दक्षिण से काले बादलों का झोंका आया और 52.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। दिन का तापमान 34.6 डिग्री और रात का तापमान 27.6 डिग्री रहा। मानसून बुधवार...

भागलपुर, वरीय संवाददाता सुबह से धूप-छांव के बीच उमस व गर्मी लोगों के पसीने निकाल रही थी। दोपहर करीब सवा 12 बजे दक्षिण की ओर से काले-काले बादलों का झोंका आया और पूरे शहर में छा गया। इस दौरान करीब डेढ घंटे तक 20 से 25 किमी प्रति घंटे की औसत रफ्तार से बही हवाओं व बिजली की गड़गड़ाहट के बीच झूम के बारिश हुई। परबत्ती, विश्वविद्यालय क्षेत्र, शहर के दक्षिणी क्षेत्र में जहां झमाझम बारिश के बजाय कभी हल्की बारिश या बूंदाबांदी का दौर चला तो वहीं नया बाजार, कोतवाली, आदमपुर, कचहरी चौक, मायागंज, बरारी व सबौर क्षेत्र में झूमके बादल बरसे।
इस बारिश को भारतीय मौसम विभाग के पैमाने पर 52.7 मिमी दर्ज किया गया। इस साल ऐसा पहली बार हुआ कि एक बार में 50 से अधिक मिमी बारिश हुई है। इस बारिश के साथ मौसम सुहाना हो गया। लेकिन दोपहर बाद सवा दो बजे तक पूरी तरह से बारिश खत्म हुई तो भारी उमस ने लोगों के पसीने निकालना शुरू कर दिया। भारतीय मौसम विभाग के अनुमानों की माने अभी 20 जून तक ऐसे ही मौसम बना रहेगा। 1.8 डिसे दिन का तो 2.4 डिसे लुढ़का रात का पारा बीते 24 घंटे के मौसम की बात करें तो इस दौरान जहां दिन का पारा 1.8 डिग्री सेल्सियस तो रात का पारा 2.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। जिससे दिन एवं रात के तापमान का अंतर घटकर सात डिग्री सेल्सियस पर आ गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य तापमान से डेढ् डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य तापमान के बराबर रहा। वहीं सोमवार की सुबह साढ़े आठ बजे 72 प्रतिशत रही आर्द्रता दोपहर में हुई बारिश के बाद शाम साढ़े पांच बजे तक चढ़कर 83 प्रतिशत हो गई। जबकि बीते 24 घंटे में 6.4 किमी प्रति घंटे की औसत रफ्तार से पूर्वी हवा बही। बुधवार की देर रात बिहार में प्रवेश कर जाएगा मानसून बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि मानसून अभी वेरावल, भावनगर, बड़ोदरा, खरगौन, अमरावती, दुर्ग, बरगढ़, चांदबाली, सैंडहैंड द्वीप, बालूरघाट से होकर गुजर रही है। ये मानसून मंगलवार तक गुजरात, मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों, विदर्भ के बचे हिस्से तक तो बुधवार की देर रात तक पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्से में प्रवेश कर जाएगा। वहीं बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और इसके आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से डेढ़् किमी से 5.8 किमी ऊपर बना हुआ है और ये ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है। इन मौसमी कारकों के प्रभाव से जहां मंगलवार को आंशिक बदरी के बीच हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है वहीं दूसरी तरफ 18 से 20 जून के बीच जिले में बदरी के बीच हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। दिन का तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तो रात के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने का अनुमान है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।