अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट अचानक कैंसल, जानिए क्या वजह सामने आई?
अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट अचानक रद्द हो गई है। जानिए फ्लाइट रद्द होने की क्या वजह सामने आई है?

अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट अचानक रद्द हो गई है। फ्लाइट कैंसिल होने की वजह तकनीकी खामी बताई जा रही है। हालांकि यात्रियों को इस विषय में कुछ वजह नहीं बताई गई है। उन्हें कहा गया कि आज फ्लाइट को रद्द किया गया है। यदि उन्हें जाना है तो कल का टिकट बुक कर लें। अचानक फ्लाइट के रद्द हो जाने के चलते यात्रियों के बीच आक्रोश बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक ये वही रूट है, जिस पर AI-171 विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। आज कैंसल हुआ एअर इंडिया का विमान AI-159 है, जो दोपहर 1.10 बजे अहमदाबाद से रवाना होने वाला था। इसका लंदन पहुंचने का समय शाम 6.25 बजे बताया गया है, लेकिन अब तकनीकी खराबी के चलते इसकी उड़ान को रद्द कर दी गई है।
एअर इंडिया का विमान एआई-171 बृहस्पतिवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। अहमदाबाद से लंदन जा रहे इस विमान में 242 लोगों सवार थे। इस हादसे में विश्वास कुमार रमेश नाम के एक यात्री को छोड़कर बाकी सभी 241 लोग मारे गए।
विमान एक हॉस्पिटल के हॉस्टल की बिल्डिंग के ऊपर गिरा था। इसके चलते विमान सवार यात्रियों के अलावा भी कई लोगों की जान गई थी। इसमें हॉस्टल में मौजूद डॉक्टर, इंटर्न, कर्मचारी समेत उस बिल्डिंग के पास मौजूद अन्य लोग भी शामिल थे। इस तरह इस भयावह हादसे में कुल 270 लोगों की जान गई थी।
हादसा इतना भयानक था कि शवों की पहचान करना मुश्किल हो रहा था। इसलिए मतकों के परिजनों से डीएनए सैंपल मांगे गए थे, ताकि मिलान करके शवों की पहचान हो सके और शवों को पीड़ित परिवारों को सौंपा जा सके। इस हादसे के बाद से अहमदाबाद समेत हर जगह शोक और डर का माहौल है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।