मृतक के परिवार को 1 करोड़ का मुआवजा, अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर टाटा ग्रुप का ऐलान
विमान में पायलट, क्रू मेंबर सहित कुल 242 यात्री सवार थे। इस भयावह हादसे में केवल एक यात्री के बचने की खबर आ रही है। एयर इंडिया विमान टाटा ग्रुप का है। अब टाटा समूह ने मृतक के परिवार वालों और घायलों के साथ ही बी जे मेडिकल के हॉस्टल की मदद करने का ऐलान किया है।

गुजरात के अहमदाबाद में आज गुरुवार को एयर इंडिया का विमान हादसे का शिकार हो गया है। इसमें पायलट, क्रू मेंबर सहित कुल 242 यात्री सवार थे। इस भयावह हादसे में केवल एक यात्री के बचने की खबर आ रही है। एयर इंडिया विमान टाटा ग्रुप का है। अब टाटा समूह ने मृतक के परिवार वालों और घायलों के साथ ही बी जे मेडिकल के हॉस्टल की मदद करने का ऐलान किया है।
टाटा समूह ने एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि इस त्रासदी में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवारों को ₹1 करोड़ की सहायता राशि देगा। हम घायलों के चिकित्सा व्यय को भी वहन करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें सभी आवश्यक देखभाल और सहायता मिले। इसके अतिरिक्त, हम बी जे मेडिकल के छात्रावास के निर्माण में सहायता प्रदान करेंगे। इस मुआवजे की घोषणआ टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के हवाले से की गई है।
टाटा समूह ने कहा कि एयर इंडिया फ्लाइट 171 से जुड़ी दुखद घटना से हम बहुत दुखी हैं। इस समय हम जो दुख महसूस कर रहे हैं, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और जो घायल हुए हैं। हम इस अकल्पनीय समय में प्रभावित परिवारों और समुदायों के साथ खड़े हैं।
एयर इंडिया का विमान सरदार वल्लभभाई पटेल हवाई अड्डे से उड़ान भरकर 242 यात्रियों को लेकर अहमदाबाद से लंदन जा रहा था। विमान ने दोपहर एक बजकर 39 मिनट पर उड़ान भरी और इसके तुरंत बाद ही यह अहमदाबाद के बीजे मेडिकल कॉलेज एवं सदर अस्पताल के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के छात्रावास तथा आवासीय क्वार्टरों के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त होकर गिर गया।
इस हादसे पर पुलिस आयुक्त जीएस मलिक ने कहा, विमान हादसे में लोगों के जीवित बचे होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। घटनास्थल पर हमारा बचाव अभियान अभी भी जारी है। कुछ लोगों को अस्पताल ले जाया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।