झारखंड में सोनम-राजा रघुवंशी जैसा मामला, शादी के 36 दिन बाद ही पति को मार डाला
महिला की पहचान 22 साल की सुनीता के तौर पर हुई है और उसे सोमवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं पीड़ित पति की पहचान बुद्धनाथ सिंह के तौर पर हुई है।

झारखंड के गढ़वा सोनम-राजा रघुवंशी जैसा मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने शादी के 36 दिन के बाद ही पति की हत्या कर दी। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि 22 साल की महिला ने अपने पति को जहर देकर उसकी हत्या कर दी। इस वारदात को शादी के 36 दिनों के भीतर ही अंजाम दिया गया। महिला की पहचान 22 साल की सुनीता के तौर पर हुई है और उसे सोमवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं पीड़ित पति की पहचान बुद्धनाथ सिंह के तौर पर हुई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मामला तब सामने आया जब महिला की सास राजमाता देवी ने अपनी बहू पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया। दरअसल सुनीता और बुद्धनाथ की शादी 11 मई को छत्तीसगढ़ के रामचंद्रपुर में हुई थी। शादी के एक दिन बाद ही सुनीता अपने मायके चली गई और उसने कहा कि मुझे बुद्धनाथ बिल्कुल पसंद नहीं है और मैं उसके साथ नहीं रहूंगी। इसके बाद दोनों परिवारवालों ने शादी को बचाने की कोशिश की। 5 जून को पंचायत भी बैठी जिसके बाद सुनीता ससुराल वापस लौट गई।
जानकारी के मुताबिक 14 जून को पति-पत्नी छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज बाजार गए थे। इस दौरान सुनीता ने कथित तौर पर बुधनाथ को बाजार से यह कहकर कीटनाशक खरीदने के लिए राजी किया कि उसे पेड़ पौधे लगाने के लिए इसकी जरूरत है। आरोप है कि 15 जून की रात सुनीता ने अपने पति के खाने में कीटनाशक मिला दिया। अगली सुबह बुधनाथ की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि हमने मृतक की मां की शिकायत के आधार पर उसकी पत्नी को हिरासत में ले लिया है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।