बांका : परिवारिक विवाद महिला ने दो बच्चों संग कुएं में लगाई छलांग, तीनों की मौत
चान्दन (बांका) के बिहायी गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगाकर जान दी। इस घटना में तीनों की मौत हो गई। सास-बहू के बीच बहस के बाद महिला ने तनाव में आकर...

चान्दन (बांका)। चान्दन थाना क्षेत्र के बिहायी गांव में मंगलवार की रात एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। पारिवारिक विवाद से आहत होकर गांव निवासी चन्दन यादव की पत्नी ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगाकर जान दे दी। इस हृदयविदारक घटना में तीनों की डूबने से मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात सास-बहू के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि आपसी कहासुनी और तनाव से परेशान होकर महिला ने देर रात अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर गांव के ही समीप स्थित एक कुएं में छलांग लगा दी।
जब तक किसी को इस बात की भनक लगती, तब तक काफी देर हो चुकी थी। बुधवार की सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही चान्दन थानाध्यक्ष विष्णुदेव कुमार पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तीनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और घटना के पीछे के कारणों की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।