शादी के 13 दिन बाद ही बाइक व गहने के लिए विवाहिता की हत्या
दरभंगा के कटहरा गांव में एक नवविवाहिता कामिनी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार ने ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। शादी के बाद दहेज के लिए दबाव की बात भी सामने आई...
दरभंगा। सकतपुर थाना क्षेत्र के कटहरा गांव में बुधवार की देर रात संदिग्ध स्थिति में एक नवविवाहिता की मौत हो गई। मृतका की पहचान धरम पासवान की पत्नी कामिनी कुमारी (21) के रूप में की गई है। मृतका के पिता और बहन ने ससुराल पक्ष के लोगों पर जहर देकर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए गुरुवार को डीएमसीएच भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। मृतका के पिता मधुबनी जिले के बिस्फी थाने के नाहस रूपौली निवासी जय किशुन पासवान ने बताया कि गत 15 मई को ही उनकी बेटी की शादी हुई थी।
दहेज में बाइक और चार भर सोना देने के लिए उसके ससुराल वाले दबाव बना रहे थे। इधर, बुधवार की रात 10 बजे ससुराल पक्ष से सूचना मिली कि अचानक तबीयत खराब होने से उनकी बेटी की मौत हो गई। यह जानकारी मिलने पर वे स्तब्ध रह गए। आनन-फानन में घर से निकलकर वे रात तीन बजे बेटी की ससुराल पहुंचे। उन्होंने बताया कि उसका शव घर में पड़ा था। ससुराल पक्ष के सभी लोग वहां से फरार थे। वहीं दूसरी ओर मृतका की बहन पूजा कुमारी ने बताया कि उसकी ससुराल उसकी बहन कामिनी की ससुराल से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर है। बहन की मौत की सूचना मिलने पर कुछ देर में ही वे उसकी ससुराल पहुंच गईं। वहां पहुंचने पर ससुराल पक्ष के सभी लोग वहां से फरार मिले। वह पिता के आने के इंतजार में बहन के शव के पास बैठी रहीं। उन्होंने बताया उनकी बहन का पति ट्रैक्टर चलाता है। बहरहाल मृतका के पिता और बहन के आरोपों को देखते हुए नवविवाहिता की मौत सवालों के घेरे में है। गंभीरतापूर्वक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसकी मौत के रहस्य पर से पर्दा उठ सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।