पूर्व डीसी नैंसी सहाय को रेड क्रॉस ने दी विदाई
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, हजारीबाग ने निवर्तमान डीसी नैंसी सहाय को भावभीनी विदाई दी। समारोह में नैंसी सहाय को शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। नैंसी सहाय ने कहा कि रेड क्रॉस से...

हजारीबाग, वरीय संवाददाता। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, हजारीबाग ने गुरुवार को एक विशेष समारोह का आयोजन कर जिले की निवर्तमान डीसी नैंसी सहाय को भावभीनी विदाई दी। यह समारोह ओल्ड एज होम परिसर में संपन्न हुआ। समारोह की शुरुआत बुजुर्गों की प्रार्थना से हुई। जिसके बाद नैंसी सहाय को रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित बुजुर्गों ने अपनी स्नेहिल भावनाएं व्यक्त करते हुए नैंसी सहाय को आशीर्वाद दिया। नैंसी सहाय स्वयं भी इस आत्मीय विदाई से भावविभोर हो उठीं। नैन्सी सहाय बतौर डीसी अपने तीन वर्ष और तीन माह के कार्यकाल में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के पदेन अध्यक्ष के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उनके नेतृत्व में सोसाइटी ने सेवा के कई नए आयाम स्थापित किए। ओल्ड एज होम का सुदृढ़ीकरण, रक्तदान शिविर का नियमित आयोजन, आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करना, जरूरतमंदों तक राहत सामग्री पहुँचाना और युवाओं को रेड क्रॉस से जोड़ने का अभियान में उन्होंने अत्यंत सक्रिय सहभागिता निभाई। मौके पर नैंसी सहाय ने कहा कि रेड क्रॉस से जुड़ाव मेरे लिए सिर्फ एक औपचारिक भूमिका नहीं थी, बल्कि यह मेरे मन की सेवा भावना का विस्तार था। बुजुर्गों की सेवा, आपदा में राहत, रक्तदान अभियान या ज़रूरतमंदों की मदद इन सभी प्रयासों में मुझे हमेशा सहयोग मिला। वह हजारीबाग के लोगों, रेड क्रॉस की टीम और विशेषकर यहाँ के बुजुर्गों से मिले प्रेम को जीवन भर संजोकर रखूँगी। मानव सेवा को ही अपना धर्म मानूंगी। इस अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, हजारीबाग के सचिव तनवीर सिंह ने कहा की नैंसी सहाय केवल एक प्रशासक नहीं, बल्कि संवेदना और समर्पण की प्रतीक रही हैं। उनके नेतृत्व रेड क्रॉस के लिए स्वर्णिम अध्याय की तरह है। उन्होंने संस्था को केवल संचालित ही नहीं किया, बल्कि इसे समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाया। मौके पर रेड क्रॉस सोसाइटी के पूर्व सचिव नीरज कुमार, उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिन्हा,आनंद देव,मनोज गुप्ता, एन ए चौधरी,राज किशोर प्रसाद,अनुपम सिन्हा,सनत सिन्हा,पवन कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।