पाकिस्तान ने कितने राफेल मार गिराए? PM मोदी बताएं; भारत-पाक जंग पर क्या बोल गए कांग्रेस CM
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला किया है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी को बताना चाहिए कि पाकिस्तान ने कितने राफेल मार गिराए हैं।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए कहा है कि उन्हें 140 करोड़ भारतीयों को बताना चाहिए कि हालिया सैन्य संघर्ष के दौरान पाकिस्तानी सेना ने देश के कितने राफेल विमान मार गिराए। रेवंत रेड्डी हैदराबाद में एक ‘जय हिंद’ रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने यह सवाल भी उठाए हैं कि प्रधानमंत्री मोदी ने पाकिस्तान के साथ सैन्य संघर्ष शुरू करने से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाई थी लेकिन संघर्ष खत्म होने के बाद उन्होंने ऐसा क्यों नहीं किया।
रेड्डी ने आरोप लगाया कि राफेल खरीदने के लिए हजारों करोड़ रुपये के ठेके मोदी के करीबी लोगों को दिए गए। मुख्यमंत्री रेड्डी ने रैली में कहा, “सिकंदराबाद छावनी के सैनिकों ने जंग में हिस्सा लिया। तेलंगाना में निर्मित युद्धक विमानों ने हमारे देश के सम्मान को बनाए रखा। लेकिन नरेंद्र मोदी द्वारा खरीदे गए राफेल विमानों को पाकिस्तान ने मार गिराया। इस बात पर कोई चर्चा नहीं हुई कि कितने राफेल मार गिराए गए। नरेंद्र मोदी को जवाब देना चाहिए कि हालिया युद्ध के दौरान पाकिस्तान ने कितने राफेल विमान मार गिराए। आप हमें इसका हिसाब दें।’’
रेड्डी ने आगे कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मीनाक्षी नटराजन ने कहा था कि जब राष्ट्रीय सुरक्षा की बात आती है तो राजनीतिक विचारधारा से परे सभी को एक साथ आना चाहिए और पार्टी ने केंद्र सरकार को आश्वासन भी दिया कि वह पाकिस्तान के खिलाफ कोई भी कदम उठाने के लिए सरकार के साथ खड़ी रहेगी। इसके बावजूद सर्वदलीय बैठक नहीं बुलाई गई। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘चार दिनों के जंग के बाद हमें नहीं पता कि किसने किसको धमकाया और किसने किसके आगे घुटने टेक दिए। अचानक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सामने आए और कहा कि उन्होंने भारत को धमकाया और युद्ध रोक दिया।’’
रेड्डी ने यह भी कहा है कि युद्ध रोककर पीएम मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाया है। सीएम ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी पड़ोसी देश को मुंहतोड़ जवाब देने में विफल रहे। रेड्डी ने इंदिरा गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 1967 में चीन को हराया और पूरी दुनिया को संदेश दिया था कि अगर कोई भारत से छेड़छाड़ करेगा तो उसे सबक सिखाया जाएगा।