जैसे उसने बार-बार… रेवंत रेड्डी ने महमूद गजनी से कर दी पीएम मोदी की तुलना, मचा हंगामा
- तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पीएम मोदी पर आपत्तिजनक बयान देने के बाद विवादों में घिर गए हैं। रेवंत रेड्डी ने सोमवार को एक समारोह में प्रधानमंत्री मोदी की तुलना आक्रमणकारी महमूद गजनी से कर दी जिसके बाद बीजेपी के कई नेताओं ने विरोध जताया है।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने सोमवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए संविधान को बदलने के आरोप लगाए हैं। हालांकि इस दौरान रेवंत रेड्डी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक ऐसी टिप्पणी की है जिस पर विवाद खड़ा हो गया है। उन्होंने पीएम मोदी की तुलना ग्यारहवीं शताब्दी में भारत पर कई बार हमला करने वाले आक्रमणकारी महमूद गजनी से कर दी। उन्होंने अपने भाषण के दौरान कहा कि जिस तरह महमूद गजनी ने देश पर बार-बार हमले किए, उसी तरह पीएम मोदी भी संविधान को बदलने के लिए बार-बार कोशिश कर रहे हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रेवंत रेड्डी सोमवार को पार्टी द्वारा आयोजित 'जय बापू-जय भीम-जय संविधान' रैली में शामिल होने के लिए भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली मध्य प्रदेश के महू पहुंचे थे। इस रैली के दौरान उन्होंने कहा, "संविधान को बदलने की कोशिश की जा रही है। हम उसी ताकत से संविधान की बचाने करने की कोशिश करेंगे। इसलिए हम आज महू में इकठ्ठा हुए हैं।" रेवंत रेड्डी ने आगे कहा, “इतिहास में पढ़ा था कि गजनी महमूद हिंदुस्तान को जीतने के लिए, हिन्दुस्तान हासिल करने के लिए बार-बार कोशिशें की। इसी तरह मोदी जी भी संविधान को बदलने के लिए और आरक्षण खत्म करने के लिए बार-बार कोशिशें कर रहे हैं। उनकी कोशिश कामयाब नहीं होगी।” गौरतलब है कि महमूद गजनी ने 1000 से 1027 ईस्वी के बीच भारत पर 17 बार हमला किया था।
रेवंत रेड्डी ने भाजपा पर किया हमला
रेवंत रेड्डी ने भाजपा पर अंबेडकर, संविधान और आरक्षण व्यवस्था का मजाक उड़ाने का आरोप भी लगाया और कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी का ऐसा रुख देश के लिए सही नहीं है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2024 के लोकसभा चुनाव में 400 सीटें जीतना चाहती थी जिसके बाद वह संविधान को बदलना चाहती थी। उन्होंने कहा,"...लेकिन जागरूक लोगों ने भाजपा को सिर्फ केवल 240 लोकसभा सीटें दीं। तब से वे हैरान हैं क्योंकि वे संविधान को बदलने के अपने छिपे हुए एजेंडे को लागू नहीं कर सके।”
जहरीली मानसिकता का परिचय- भाजपा
इस टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने रेवंत रेड्डी से माफी की मांग की है। उन्होंने कहा है कि इस तरह की टिप्पणी कांग्रेस की जहरीली मानसिकता को दर्शाती है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "बेहद शर्मनाक! 17 बार भारत पर लूट की मंशा से आक्रमण करने वाले विदेशी आक्रांता महमूद गजनवी की तुलना विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता यशस्वी पीएम श्री नरेंद्र मोदी से करके कांग्रेस नेता रेवंत रेड्डी ने एक बार फिर अपनी पार्टी और नेतृत्व के नफरती व जहरीली मानसिकता का परिचय दिया है।”