बेटी को बंधक बना वकील के घर साढ़े आठ लाख की लूट, शादी के लिए खरीदे जेवर भी ले गए
शाम करीब छह बजे दो बदमाश चाकू लेकर घर में घुस गए। आकांक्षा को हत्या की धमकी देते हुए एक कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। उसके साथ मारपीट भी की। लमीरा की चाबी लेकर 4.5 लाख रुपये नकद और बेटी की शादी के लिए रखे गहने निकाल लिये।

बिहार के मुजफ्फरपुर में बेखौफ डकैतों ने एक वकील के घर को निशाना बनाया। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के राहुल नगर में रविवार की शाम करीब छह बजे बदमाशों ने अधिवक्ता दीनदयाल राउत के घर में घुसकर लूटपाट की। अधिवक्ता आदर्श ग्राम में अपना मकान बना रहे है। शाम 5.30 बजे वह पत्नी नीतू देवी के साथ उक्त मकान पर गए थे। घर में उनकी छोटी बेटी आकांक्षा अकेली थी। डकैतों ने बेटी की शादी के लिए घर में रखे जेवर भी लूट लिए।
शाम करीब छह बजे दो बदमाश चाकू लेकर घर में घुस गए। आकांक्षा को हत्या की धमकी देते हुए एक कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। उसके साथ मारपीट भी की। इस बीच भौंक रहे कुत्तों को बदमाशों ने कुछ खिला दिया, जिससे वे बेसुध हो गए। इसके बाद टेबल पर रखी अलमीरा की चाबी लेकर 4.5 लाख रुपये नकद और बेटी की शादी के लिए रखे गहने निकाल लिये। गहने की कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है। इसके बाद बदमाश दूसरे कमरे में भी गए, लेकिन उन्हें वहां कुछ नहीं मिला। लूटपाट के बाद दोनों बदमाश आराम से निकल गए। बदमाशों के जाने के बाद शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे और कमरा खोलकर आकांक्षा को निकाला।
सीसीटीवी कैमरे का पुलिस को भरोसा
सूचना मिलने पर ब्रह्मपुरा थानेदार विजय लक्ष्मी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने गृहस्वामी की पुत्री और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली। आकांशा ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। इधर, थानेदार ने बताया कि दो बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है। गृहस्वामी का बयान लिया जा रहा है। बदमाशों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
छत ढलाई के लिए रखे थे पैसे
अधिवक्ता दीनदयाल राउत ने पुलिस को बताया कि वे नए वाले मकान पर गए थे। घर में बेटी अकेली थी। फोन कर बेटी ने लूट की जानकारी दी तो भागे-भागे आए। बदमाश करीब 4.5 लाख नकद और बेटी की शादी के लिए रखे चार लाख के गहने ले गए हैं। बताया कि हमको दो बेटी और एक बेटा है। बड़ी बेटी अंकिता बीटेक की पढ़ाई कर बेंगलुरू में नौकरी करती है। बेटा अंकित आनंद बीटेक कर कटिहार में नौकरी करता है। छोटी बेटी आकांक्षा नीट की तैयारी कर रही है। नए मकान की छत की ढलाई के लिए घर में पैसा रखा था। अभी राहुल नगर में अपने ससुर कल्याण राय के घर में किराया पर रह रहे हैं। ससुराल औराई थाना क्षेत्र के कल्याणपुर में है।