बेटी के लव अफेयर का पता चलने पर भड़का बाप, पीट-पीटकर मार डाला
मृतका का संबंध उसके चचेरे मामा से था। इसकी जानकारी जब मृतका के पिता को चली तो वह आक्रोशित होकर पुत्री के साथ मारपीट करने लगा। इस दौरान उसके मुंह से खून निकलने लगा। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सासाराम जिले में 17 वर्षीय अपनी पुत्री के व्यवहार से क्षुब्ध पिता ने पुत्री की पीट-पीटकर कर हत्या कर दी। यह घटना शुक्रवार की रात बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के बालचंदवा गांव की है। जहां पिता द्वारा पुत्री की हत्या कर देने की घटना प्रकाश में आया है। थानाध्यक्ष ललन सिंह ने बताया कि युवती के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौप दिया गया है। इस सम्बंध में हत्यारे पिता रामभजु महतो की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वह फरार बताया जाता है। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।
घटना के बारे में बताया जाता है कि शुक्रवार की रात थाना क्षेत्र के बालचंदवा गांव में मृतका का संबंध उसके चचेरे मामा से था। इसकी जानकारी जब मृतका के पिता को चली, तो वह आक्रोशित होकर पुत्री के साथ मारपीट करने लगा। इस दौरान उसके मुंह से खून बहने लगा। घटना की जानकारी होने पर मृतका की चाची जब बचाने आई तो उसके साथ भी मारपीट की। चाची किसी तरह जान बचाकर घर से भाग कर घुसींया गांव पहुंची।
जहां ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाते ही पुलिस मृतका के घर पहुंची और जख्मी हालत में अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में बेटी की मौत हो गई। अभी तक एफआईआर दर्ज नही की गई थी। घरवाले फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस टीम गांव में जाकर घटना की विस्तृत जांच कर रही है।