delhi ncr weather update today heat wave imd alert rain monsoon news दिल्लीवालो की होगी 'अग्निपरीक्षा'! 45 डिग्री पहुंचेगा पारा, बारिश को लेकर आया ये अपडेट, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर Newsdelhi ncr weather update today heat wave imd alert rain monsoon news

दिल्लीवालो की होगी 'अग्निपरीक्षा'! 45 डिग्री पहुंचेगा पारा, बारिश को लेकर आया ये अपडेट

दिल्ली-एनसीआर में अब गर्मी लोगों का पसीना छुड़ा रही है। 18 दिनों के बाद पारा 40 डिग्री को पार कर गया है। वहीं अब दो-तीन दिनों में तापमान 40 डिग्री को पार कर सकता है।

Anubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीMon, 9 June 2025 05:25 AM
share Share
Follow Us on
दिल्लीवालो की होगी 'अग्निपरीक्षा'! 45 डिग्री पहुंचेगा पारा, बारिश को लेकर आया ये अपडेट

दिल्ली में एक बार फिर भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। रविवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए गर्मी और उमस का येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को 18 दिनों की राहत के बाद दिल्ली का पारा 40 के पार पहुंचा था। मौसम विभाग ने आज और कल को अलग-अलग स्थानों पर लू का 'येलो' अलर्ट जारी किया है क्योंकि पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

कल गर्मी ने किया परेशान

दिल्ली में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। वहीं, न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस समय का सामान्य तापमान है। आयानगर क्षेत्र रविवार को सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 44.1 एक डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह इस सीजन का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान है।

एनसीआर का हाल

गुरुग्राम में रविवार को अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस रहा। फरीदाबाद में अधिकतम पारा 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहा। वहीं, नोएडा का अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री और गाजियाबाद का 40 डिग्री सेल्सियस रहा।

गर्मी के तेवर तल्ख

राजधानी के लोगों को अगले चार दिनों तक भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि इन चार दिनों में झुलसाने वाली धूप और उमस लोगों को परेशान करेगी। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केन्द्र में बीते चार दिनों में ही अधिकतम तापमान में 5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है।

राजधानी में इस बार मई में लगातार पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण और हवा के निम्न दबाव क्षेत्र जैसी मौसमी परिघटनाएं होती रही थीं। इसके चलते आमतौर पर मौसम में बहुत ज्यादा तपिश नहीं रही, लेकिन अब गर्मी में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में पांच तारीख को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यानी सिर्फ चार दिनों के भीतर ही अधिकतम तापमान में पांच डिग्री से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों के बीच मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।

47 डिग्री जैसी तपिश का अहसास

दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री रहा। जबकि, यहां पर नमी का स्तर 70 से 31 फीसदी तक रहा। विशेषज्ञों के मुताबिक, रविवार को दिल्ली का हीट इंडेक्स 47.2 डिग्री सेल्सियस तक रहा। यानी दिल्ली के लोगों को 47.2 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी महसूस हुई। पता हो कि तापमान, नमी का स्तर और हवा की गति के अनुसार हीट इंडेक्स तैयार किया जाता है। इसके जरिये यह पता चलता है कि लोगों को महसूस होने वाली गर्मी का स्तर क्या रहा।

चार दिन बाद राहत की आस

-मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार के बाद दिल्ली को झुलसाने वाली गर्मी और उमस से राहत मिलने की है संभावना।

-मौसम में होने वाले बदलाव के चलते शुक्रवार को तेज आंधी और हल्की बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।

-मौसम में बदलाव के चलते अधिकतम तापमान में गिरावट होने और पारा फिर 40 डिग्री से नीचे आ आने की उम्मीद।

प्रदूषण के स्तर में इजाफा

गर्मी बढ़ने के साथ ही प्रदूषण के स्तर में भी हल्का इजाफा हुआ है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक रविवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 198 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। लेकिन, यह खराब श्रेणी से सिर्फ तीन अंक नीचे है। अगले दो दिनों के बीच भी वायु गुणवत्ता का स्तर इसी के आसपास रहने की संभावना है।

करीब 18 दिन के बाद पारा चालीस के पार

दिल्ली में रविवार को लगभग अट्ठारह दिनों बाद अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचा है। इससे पहले 21 मई को अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस पर रहा था। 21 मई के बाद से लगातार आंधी-पानी का जोर बना रहा। जिसके चलते तापमान आमतौर पर नरम रहा था।

इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा 16 मई

मौसम विभाग के मुताबिक मई के बाद दिल्ली का पारा 42 डिग्री के पार पहुंचा है। 16 मई को दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। जो कि सीजन का सबसे गर्म दिन रहा था। इसके बाद अब दिल्ली का पारा 42 डिग्री के पार पहुंचा है।