विधिज्ञ संघ को कानूनी व स्वतंत्र होना चाहिए: योगेश चंद्र वर्मा
वकालतखाना के पुस्तकालय में परिचर्चा को वरीय अधिवक्ता ने किया संबोधितविधिज्ञ संघ गोपालगंज के अधिवक्ता गोपालगंज, विधि संवाददाता। विधिज्ञ संघ को कानूनी और स्वतंत्र होना चाहिए। ऐसा होने पर ही बार किसी भी...

वकालतखाना के पुस्तकालय में परिचर्चा को वरीय अधिवक्ता ने किया संबोधित तीन नए फौजदारी कानूनों के लागू होने के लगभग एक वर्ष पर परिचर्चा हुई आयोजित गोपालगंज, विधि संवाददाता। विधिज्ञ संघ को कानूनी और स्वतंत्र होना चाहिए। ऐसा होने पर ही बार किसी भी मुद्दे पर स्वतंत्र रूप से अपनी बात रख पाएगा और तभी न्यायपालिका भी वास्तव में स्वतंत्र हो सकेगी। स्वतंत्र न्यायपालिका आमजन को न्याय दिलाने के लिए बेहद जरूरी है। पूरी न्याय व्यवस्था जनता के लिए है और हम सब इसके केवल माध्यम हैं। इसलिए वकीलों को भी निडर और स्वतंत्र होना चाहिए। उक्त बातें पटना उच्च न्यायालय के वरीय अधिवक्ता योगेश चंद्र वर्मा ने शुक्रवार की शाम को वकालतखाना स्थित जिला विधिज्ञ संघ के पुस्तकालय में आयोजित परिचर्चा को संबोधित करते हुए कही।
कार्यक्रम का आयोजन तीन नए फौजदारी कानूनों के लागू होने के लगभग एक वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में किया गया था। वरिष्ठ अधिवक्ता श्री वर्मा ने कहा कि इन नए कानूनों के लागू होने के बाद वकीलों, कानून की पढ़ाई कर रहे छात्रों तथा न्यायिक व्यवस्था से जुड़े अन्य लोगों को किन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि देश के सभी जिला बार एसोसिएशनों को भवन निर्माण के लिए 80-80 लाख रुपए मिले हैं। लेकिन, गोपालगंज में अब तक इसका कार्य शुरू नहीं हो सका है। इसके लिए जिलाधिकारी, जिला जज और बार संघ को संयुक्त रूप से पहल करनी चाहिए । उन्होंने गोपालगंज बार के पुस्तकालय के लिए नई कानूनी पुस्तकें देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिज्ञ संघ अध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार मिश्र ने की। इस अवसर पर महासचिव मनोज मिश्र, उपाध्यक्ष रवि प्रकाश मणि त्रिपाठी, विनय कुमार मिश्र, राजेश राय, जितेंद्र कुमार सिंह, रूपेश कुमार तिवारी, विजय कुमार यादव, कुमारी निधि, मनोरंजन कुमार सिंह उर्फ प्रिंस, प्रमोद कुमार सिंह सहित कई अधिवक्ता उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।