महोत्सव : शान, सम्मान और आने वाली पीढ़ी के स्वाभिमान का विषय
महोत्सव : शान, सम्मान और आने वाली पीढ़ी के स्वाभिमान का विषय

बड़हिया, एक संवादाता। नगर स्थित श्रीधर सेवाश्रम धर्मशाला में गुरुवार की देर शाम मां वाला त्रिपुर सुंदरी महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कला संस्कृति एवं युवा विभाग के द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। जिसे सूबे के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, डीएम मिथिलेश मिश्र, एडीएम सुधांशु शेखर, एसडीओ प्रभाकर कुमार आदि के द्वारा हुआ। इस दौरान मां जगदम्बा मंदिर के पुजारी विनय कुमार झा एवं अमलेंदु झा के द्वारा मंगलाचरण का पाठ किया गया। जिसके बाद आयोजक जिला प्रशासन के द्वारा उपमुख्यमंत्री, मंदिर समिति के सचिव जयशंकर सिंह उर्फ भादो बाबू, मिथिलेश प्रसाद सिंह आदि का अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह और पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सिन्हा ने कहा कि इसी श्रीधर सेवाश्रम धर्मशाला में बीते वर्ष मां बाला त्रिपुरसुंदरी के नाम पर डाक टिकट का अनावरण जारी किया गया था। उसी दिन इस महोत्सव को मनाए जाने की घोषणा हुई थी। और आज उसी स्थल पर हमलोग उस पल के साक्षी बन रहे हैं। लखीसराय जिला में एक नहीं बल्कि सात महोत्सव की शुरुआत की गई है। जिसमें इन्द्रदमनेश्वर अशोकधाम महोत्सव, मां बाला त्रिपुरसुंदरी महोत्सव, मां जलप्पा महोत्सव आदि शामिल हैं। जिसका उद्देश्य इस क्षेत्र के धार्मिक और पर्यटक स्थलों को वैश्विक मानचित्र पर लाना है। हम तो कहेंगे कि यह महोत्सव बड़हिया का शान, बिहारियों का सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वाभिमान का विषय बने। यह हम सबों की बड़ी उपलब्धि होगी। चर्चाओं के बीच उन्होंने अपने पथ निर्माण विभाग के कार्यकाल की चर्चा करते हुए कहा कि वह दिन दूर नहीं जब गंगा के किनारे बनने वाले सड़क के रास्ते कांवड़िया बंधु पैदल यात्रा करेंगे। और टालक्षेत्र से गुजरने वाले फोर लाइन सड़क के रास्ते लोग गुजरेंगे। यह दृश्य देखने लायक होगा। गंगा किनारे से होकर गुजरने वाले सड़क निर्माण की न सिर्फ घोषणा की गई है बल्कि कैबिनेट की मुहर भी लग चुकी है। माता भगवती और आप लोगों ने जब सेवा का मौका दिया है तो मेरी यही सोच है कि कुछ ऐसा कर दिया जाय की आने वाली पीढ़ी भी अपने आप को गौरवांवित अनुभव कर सके। मंदिर समिति के सचिव भादो बाबू ने भी अपने संबोधन में इस महोत्सव की सराहना की। जिसके बाद मुंबई के नामचीन कलाकारों के द्वारा भक्तिमय कार्यक्रमो की भव्य शुरुआत हुई। जिसने सबों को मंत्रमुग्ध कर देने का काम किया। मौके पर हर वर्ग और उम्र के महिला पुरुष श्रद्धालु की उपस्थिति थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।