Residents of Suriyagharha s Ward 7 Face Development Issues and Water Supply Problems नाला और संपर्क सड़क नहीं रहने से वार्डवासी परेशान, Lakhisarai Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsLakhisarai NewsResidents of Suriyagharha s Ward 7 Face Development Issues and Water Supply Problems

नाला और संपर्क सड़क नहीं रहने से वार्डवासी परेशान

नाला और संपर्क सड़क नहीं रहने से वार्डवासी परेशान

Newswrap हिन्दुस्तान, लखीसरायMon, 9 June 2025 02:23 AM
share Share
Follow Us on
नाला और संपर्क सड़क नहीं रहने से वार्डवासी परेशान

सूर्यगढ़ा। सूर्यगढ़ा नगर परिषद क्षेत्र के 7 नबंर वार्ड में समस्याओं के रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तीन वर्ष पहले नगर परिषद का गठन हो गया लेकिन अभी तक विकास का कार्य नहीं किया गया है। यह वार्ड उपेक्षित पड़ा हुआ है। इसके अंतर्गत हल्दी, जामुन टोला, शाहनगर, शेरपुर और गोपालपुर का आता है। लोगों में अब तक कोई कार्य नहीं किए जाने से क्षोभ बना हुआ है। इन लोगों का कहना है कि वार्ड पार्षद के द्वारा अब तक कुछ कार्य नहीं किया गया है। पहले यह गोपालपुर पंचायत में था। नगर परिषद गठन होने पर हल्दी, गोपालपुर के साथ जामुन टोला, शाहनगर आदि मोहल्ले आ गए।

ऐसा प्रतीत होता है कि पंचायती राज व्यवस्था में भी यह उपेक्षित था। वार्ड बनने के बाद भी गांव की गलियों का पक्कीकरण नहीं किया गया है। जो संपर्क सड़के हैं, वे भी आधी-अधूरी है। इनका पक्कीकरण अभी तक नहीं किया गया है। इस कारण से गांव की इन संपर्क सड़कों पर वर्षा होने पर जल का जमाव होता है। वार्ड के हल्दी गांव में संपर्क पर भी जल-जमाव होता है। यहां एक मिडिल स्कूल है। बरसात में स्कूल के आस-पास और सड़क पर जल का जमाव रहता है। इससे विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्कूल के भवनों के भी मरम्मत की जरूरत बताई गई। हल्दी में एक बड़ा सा तालाब है और यह गंदे जल से भरा हुआ रहता है। इस तालाब का अब तक सौंदर्यीकरण नहीं किया गया है। इस तालाब की सफाई की जरूरत है। तालाब और इसके किनारे में झाड़ और झंखार भरे हुए हैं। यहां लोगों ने बड़ा नाला निर्माण की जरूरत बताई है। इसके अलावा अन्य संपर्क सड़कों और गलियों में भी नाला नहीं रहने से जल का जमाव देखने को मिलता है। यहां वैसे दो जलापूर्ति केन्द्र हैं जो नल जल योजना से पंचायती राज व्यवस्था में बनाए गए हैं। इनमें एक हल्दी गांव की जलापूर्ति केन्द्र से नियमित पानी की आपूर्ति होने की बात बताई गई। कुछ लोगों कहना है कि ठीक से आपूर्ति नहीं की जाती है। दूसरा जलापूर्ति केन्द्र की टंकी से शाहनगर में है। इससे शाहनगर के करीब 25 घरों में टंकी से पानी की आपूर्ति नहीं होती है। इस कारण से इन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। चमरूचक, तालाब पर के लोगों को पानी नहीं मिलता है। शाहनगर मोहल्ले में पानी की आपूर्ति अन्य कुछ घरों में नहीं होने की शिकायत की गई। इन सभी को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। शाहनगर के टंकी के ऑपरेटर की ठीक से टंकी चालू नहीं करने की भी शिकायत की जाती है। चापकलों की भी संख्या कम बताई गई। हल्दी गांव में चापाकल के खराब रहने से इस गर्मी में लोगों को कठिनाई होती है। हल्दी और शाहनगर आदि में विकास कार्य नहीं करने से लोग क्षुब्ध हैं। इन अल्पसंख्यक गांवों में कार्य नहीं होने से लोगों में चिंता व्याप्त है। अभी तक शेरपुर में बोरिंग निर्माण का कार्य पूरा नहीं किया गया है। जलापूर्ति केन्द्र के ऑपरेटरों के मनमानापन के खिलाफ शिकायत भी पीएचईडी कनीय अभियंता को की गई है। वार्ड के हल्दी के टाल क्षेत्र में खेतों में विद्युतीकरण का कार्य नहीं किया गया है। यहां तक कि ट्रांसफॉर्मर नहीं दिया गया है। तार का कनेक्शन भी उपलब्ध नहीं कराया गया है। इस कारण से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने बताया कि कई वर्षों से यह कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। विद्युतीकरण हो जाने से सिंचाई करने में सुविधा होती। इस वार्ड में दोनों समुदायों के लोग रहते हैं। कुछ गांवों में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों की संख्या अधिक है। वार्ड में नौकरी करने वाले लोगों की भी संख्या है। कुछ लोग खेती और अपने व्यवसाय से भी जुड़े हुए हैं। करीब डेढ़ हजार की आबादी वाले इस वार्ड का विकास आवश्यक है। लोग जल-जमाव से मुक्ति चाहते हैं। उन्हें नाला निर्माण की समस्या है। हल्दी गांव के तालाब के सौदर्यीकरण से होने से सुदंरता भी बढ़ जाएगी और मछली पालन को भी प्रोत्साहन मिलेगा। सिंचाई का कार्य भी किया जा सकता है। लोग अपने स्नान और दैनिक कार्यों के लिए इसका उपयोग कर सकते हैं। यह वार्ड एक तरफ एनएच 80 से जुड़ा हुआ है तो दूसरी ओर माणिकपुर थाना जाने वाली संपर्क सड़क से भी। वार्ड में विभिन्न फसलों के अलावा आम का भी उत्पादन बगीचे में होता है। वार्ड के लोगों ने हल्दी गांवों में दूसरे गांव के नाला का पानी आने पर दुःख प्रकट किया और कहा कि बड़ा नाला का निर्माण होना चाहिए। इससे गंदे पानी का जमाव नहीं हो पाएगा। बोले जिम्मेदार जलापूर्ति समस्या निराकरण के लिए पीएचईडी से कार्य विभाजन हो गया है। आठ नंबर वार्ड में पेय जलापूर्ति के लिए कार्य शुरू किया गया है। इसके बाद 7 नंबर वार्ड में होगा। पूरे नगर परिषद के विभिन्न वार्डों में 50 नाला सह सड़क की योजनाओं का टेंडर निकल चुका है। -अभिषेक कुमार, जेई, नगर परिषद सूर्यगढ़ा। बोले लोग 01. उनका हल्दी गांव वार्ड संख्या 07 में आता है। पहले विकास का कार्य हुआ वही सब कुछ है। नगर परिषद बनने के बाद कहीं विकास का कार्य नहीं हुआ है। यहां सड़क पर जल का जमाव होता है। चौराहे से लेकर स्कूल तक जल का जमाव होता है। लोगों को घर से बाहर निकलने में भी परेशानी होती है। मो. शम्स अख्तर 02. तालाब में जलकुम्भी भरा हुआ है। जहां तहां गंदगी भरी हुई है। इस तालाब की सफाई कभी नहीं की गई। नगर परिषद बनने के बाद भी इसकी सफाई नहीं हुई है। गंदगी के कारण बहुत परेशानी है। अब यह मवेशियों के उपयोग के लिए भी नहीं रह गया है। मो. बली 03. उनके वार्ड में जलापूर्ति की भी समस्या है। तालाब से लेकर शाहनगर, शेरपुर आदि जगहों पर नल जल की पानी की आपूर्ति नहीं के बराबर है। सड़क पर जल जमाव होता है। बरसात में वे लोग परेशानी झेलते हैं। गाड़ी चलाना भी मुश्किल होता है। मो. शमशेर 04. स्कूल की छत की मरम्मति नहीं की गई है। पढ़ने वाले कमरे भी ठीक नहीं हैं। पठन-पाठन में दिक्कत का सामना करना पड़ता है। नल जल की भी स्थिति आधी अधूरी है। कहीं पानी जाता है, तो कहीं नहीं। इस गर्मी के मौसम में दिक्कत होती है। मो. जमील 05. शाहनगर के जलापूर्ति केन्द्र से आधा अधूरा पानी की आपूर्ति होती है। कई लोगों को पानी नहीं मिलता है। पाइप भी सब जगह है कि नहीं, पता नहीं चलता। शाहनगर में बहुत समस्याएं हें। उन लोगों को परेशानी है। नीतीश प्रसाद 06. कोई काम नहीं हुआ। गोपालपुर में हुआ होगा। यहां तो कोई काम नहीं देखा गया। तालाब के किनारे तक के मोहल्ले में पानी की आपूर्ति नहीं होती। जैसे तैसे ऑपरेटर कार्य करता है। बीच बीच में पानी की आपूर्ति बाधित रहती है। सुधीर कुमार 07. वे तो पड़ोसी गांव के हैं। वार्ड पार्षद भी हल्दी गांव के हैं। नगर परिषद के द्वारा तो पहले सब वार्ड में नाला सह लिंक रोड का काम दिया गया है। इस वार्ड में भी नाला व लिंक रोड का काम मिला ही होगा। रामशंकर सिंह 08. वैसे वे अलग वार्ड के हैं लेकिन पड़ोसी है। जब नगर परिषद बना है तो काम हो ही रहा है। धीरे धीरे काम होगा। पहला बार नगर परिषद बना है। वे कलाकार हैं। राजनीति की चीज है यह सब। रामविलास यादव 09. वैसा कुछ काम हल्दी, शाहनगर और चमरूचक में दिखाई नहीं पड़ता है। कई लोगों को पानी के लिए परेशानी होती है। इन चीजों पर ध्यान देना होगा। समस्याओं को सुलझाना चाहिए। अजीत कुमार 10. वे तो इस वार्ड के वार्ड पार्षद हैं। एकाध काम वार्ड क्षेत्र में हुआ है। बाकी समस्याएं तो हैं ही। दो योजनाओं का प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। शाहनगर में बोरिंग का कार्य कराया जा रहा है। शबाना आजमी, पार्षद, वार्ड संख्या 07 11. वे बगल के ही हैं और एक समाजसेवी के नांते सब जगह से मतलब रखते हैं। कहीं कुछ समस्या रहने पर खरी खोटी सब को सुनाते हैं। नगर परिषद से कुछ काम हुआ है और बाकी भी है। समस्या पर ध्यान देना चाहिए। मो. कमरूद्दीन अंसारी 12. इस वार्ड के हल्दी के तालाब का सौंदर्यीकरण होना जरूरी है। नाला और संपर्क सड़क बनना चाहिए। टाल में खेत में केवल बिजली का पोल लगा दिया गया, लेकिन न तो ट्रांसफार्मर बैठाया गया है और न ही बिजली के तार का कनेक्शन दिया गया है। मो. सफी अहमद

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।