वृद्धजन परिवार और समाज की जड़
मधेपुरा में वरिष्ठ नागरिक सेवा संघ की बैठक हुई, जिसमें परित्याकता वृद्ध जनों को सहायता देने और सदस्यता अभियान प्रारंभ करने पर चर्चा की गई। अध्यक्ष डॉ कौशल किशोर मंडल ने कहा कि वृद्ध जन समाज की जड़...

मधेपुरा। वरिष्ठ नागरिक सेवा संघ के कार्यकारणी सदस्यों की बैठक पूर्व प्रति कुलपति डॉ कौशल किशोर मंडल की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। बैठक में सदस्यता अभियान प्रारंभ करने, संघ द्वारा परित्याकता वृद्ध जनों को सहायता मुहैया कराने और भविष्य के कार्य योजना पर विस्तृत चर्चा सहित अन्य निर्णय लिए गए। अध्यक्ष डॉ कौशल किशोर मंडल ने कहा वृद्ध जन परिवार और समाज की जड़ हैं। इससे वर्तमान पीढ़ी पोषित और फलित है। आज पाश्चात संस्कृति और बजारीकरण के कारण सामाजिक संस्कारों में ह्रास हो रहा है, जिसकी परिणीति ओल्ड एज होम का प्रचलन है। संघ परिवार परित्याकता वृद्धों को सहयोग और संबल प्रदान करेगा।
इसके लिए उद्यमी और संपन्न वर्गों से सहयोग अपेक्षित है। संघ के सचिव डॉ रामचंद्र प्रसाद मंडल ने कहा संघ का सोसाइटी एक्ट 1860 के तहत निबंधन अंतिम चरण में है। निबंधन के बाद संघ का प्रमुख कार्य जिला में प्रशासन के सहयोग से वृद्धा आश्रम का निर्माण और वृद्ध जनों के लिए सुचारू रूप से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करना होगा। उपाध्यक्ष भूपेंद्र नारायण यादव मधेपुरी ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद वृद्ध जन एकाकीपन और अवसाद के शिकार बन रहे हैं। इससे उबरने के लिए उन्हें एकाकी से समूहबोध की ओर ले जाने की आवश्यकता है। बैठक में डॉ सचिंद्र महतो, शिवनारायण साह, डॉ हरि नंदन यादव, महेश प्रसाद सिंह, अरुण कुमार साह, बालकृष्ण यादव आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।