जंक्शन पर बुजुर्ग की पीठ में घोंपा चाकू, हमलावर फरार
मुजफ्फरपुर जंक्शन पर एक युवक ने बुजुर्ग मो. अब्दुल माजिद पर चाकू से हमला किया। जख्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला आपसी विवाद बताया, जबकि बुजुर्ग ने कहा कि वह स्टेशन पर अपने बेटे से...

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। जंक्शन पर सरेशाम एक युवक ने पूर्वी चंपारण के सुगौली निवासी बुजुर्ग मो. अब्दुल माजिद की पीठ में चाकू घोंप दिया और वह मुख्य गेट से फरार हो गया। मौके पर अफरातफरी मच गयी। जख्मी बुजुर्ग को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे निजी अस्पताल ले गये। देर रात तक रेल थाना पुलिस ने जख्मी का बयान तक दर्ज नहीं किया। रेल थाना मुजफ्फरपुर के प्रभारी थानेदार जयप्रकाश राय ने बताया कि जख्मी की ओर से आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन देने पर केस दर्जकर कार्रवाई की जाएगी। रेल डीएसपी मुख्यालय वन निधि कुमारी ने बताया कि घायल का इलाज चल रहा है।
उसे चाकू लगी है या नहीं इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का लग रहा है। पुलिस और जख्मी के बयान में अंतर घटना को लेकर रेल थाना के प्रभारी ने अपने वरीय अधिकारियों को सूचना नहीं दी। जब मामला तूल पकड़ने लगा तो वरीय पुलिस अधिकारी के पूछा तो भी आधी-अधूरी जानकारी दी गई। आपसी विवाद बताया गया। जबकि 55 वर्षीय जख्मी ने सदर अस्पताल में बताया कि वह सुगौली का रहने वाले है। पत्नी के साथ पुणे बेटा के यहां जाने के लिए स्टेशन पहुंचा था। समर स्पेशल में टिकट था। प्लेटफॉर्म एक पर सीसीटीवी कंट्रोल रूम के पास खड़ा था। अचानक उसे लगा कि किसी ने पीछे कुछ चुभा दिया है। जबतक समझ पाते हमलावर फरार हो गया। शोर भी मचाया। लेकिन रेल थाने की पुलिस मूकदर्शन बनी रही। उसे पकड़ने का प्रयास तक नहीं किया गया। हमला किसने क्यों किया कुछ पता नहीं। सीसीटीवी खराब होने से फुटेज मिलना मुश्किल इस घटना ने जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। दिन में पॉकेटमारी और मोबाइल चोरी हो रही है। सरे शाम जंक्शन पर यात्री पर हमला हो गया। रेल पुलिस को भनक तक नहीं लगी। जंक्शन पर लगे सीसीटीवी कैमरे की क्षमता खराब है, जिससे फुटेज मिलना भी मुश्किल है। छह घंटे बाद स्टोरेज उपलब्ध नहीं होता। पुलिस ने जांच तक शुरू नहीं की है। ऐसे में पुलिसिंग पर सवाल उठ रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।