स्कूल में महिला एचएम को पीटा, पुलिस पर हमला
बोचहां में लोहसरी मध्य विद्यालय की प्रधानाध्यापिका प्रियंका प्रियदर्शनी को शैक्षणिक सहयोग नहीं देने की शिकायत करने पर शिक्षिका पल्लवी कुमारी और उसके पति ने उन पर हमला किया। गला दबाने की कोशिश के बाद...

बोचहां,हिन्दुस्तान संवाददाता लोहसरी मध्य विद्यालय की प्रधानाध्यापिका प्रियंका प्रियदर्शनी को शैक्षणिक कार्यों में सहयोग नहीं करने की शिकायत करना महंगा पड़ा। बुधवार को लोहसरी निवासी शिक्षिका पल्लवी कुमारी अपने पति रणजीत सिंह उर्फ कुणाल कुमार को बुला लिया। इसके बाद कैंसर पीड़ित प्रधानाध्यापिका प्रियंका प्रियदर्शनी से मारपीट की गई। विरोध करने पर गला दबाकर जान मारने का प्रयास किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया। मामले को लेकर एचएम ने गरहां थाना में आवेदन दिया है। एचएम को एसकेएमसीएच परिसर स्थित टाटा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रणजीत सिंह उर्फ कुणाल कुमार सेना से सेवानिवृत्त हैं।
एचएम ने पुलिस को बताया कि करीब 2:00 बजे दोपहर में कार्यालय में जरूरी काम निपटा रही थी। इसी दौरान वरीय पदाधिकारी से विद्यालय में सहयोग नहीं करने की मौखिक शिकायत करने पर शिक्षिका पल्लवी कुमारी अपने पति को बुला लिया। उसके बाद गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर गला दबाकर जान मारने की कोशिश की। डायल 112 और गरहां थाने की पुलिस पहुंची तब जाकर जान बची। इधर, दारोगा विजय नारायण पाल दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तो रंजीत सिंह उर्फ कुणाल कुमार, उसकी पत्नी पल्लवी कुमारी और परिजनों ने पुलिस के साथ मारपीट की। थाने से थानाध्यक्ष आशीष कुमार ठाकुर, दारोगा विजयकांत सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंचे तो आरोपित भाग गया। एसआई पाल ने शिक्षिका, उसके पति सहित परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष आशीष कुमार ठाकुर ने बताया कि लोहसरी मध्य विद्यालय की प्रधानाध्यापिका के साथ आरोपितों द्वारा मारपीट की शिकायत पर पुलिस टीम गई थी। आरोपितों ने पुलिस टीम के साथ भी बदसलूकी की। सभी आरोपित घर छोड़कर फरार है। मामले में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।