पान मसाला फैक्ट्री से सात सैम्पल भरे, 13 लाख की सामग्री सील
Lakhimpur-khiri News - लखीमपुर में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पान मसाला बनाने वाली इकाई पर छापा मारा। निरीक्षण में अनियमितताएं पाई गईं और 13 लाख से अधिक की सामग्री सील की गई। सात सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं। पान मसाला...

लखीमपुर। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने बुधवार को ओदरहना महेवागंज स्थित पान मसाला बनाने वाली इकाई पर छापा मारा। यहां अनियमितताएं मिलने पर 13 लाख से ज्यादा की सामग्री सील की गई। इसके अलावा सात सैंपल भरकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा बृजेंद्र शर्मा ने बताया कि मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम आशीष मौर्य के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नत्थू कुशवाहा, विपिन कुमार सिंह, रमेश सिंह की टीम ने महेवागंज स्थित पान मसाला बनाने वाली इकाई का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पान मसाला तैयार करने में प्रयोग की जाने वाली सामग्री की गुणवत्ता ठीक नहीं दिखी।
पान मसाला के साथ ही तंबाकू पैकिंग का काम एक ही परिसर में मिला। मौके पर सुपरवाइजर संजय धवन व कर्मचारी मौजूद रहे। पैकिंग के लिए तैयार पान मसाला का एक सैंपल लेते हुए 23 बोरी पान मसाला को सील किया गया। इसकी कीमत करीब 7,46,000 बताई गई। इसके अलावा 59 किलोग्राम कत्था, 648 किलोग्राम सुपारी साबूत और 598 किलोग्राम सुपारी कटी सील की गई। मूल पैक में एक पान मसाला का सैंपल भरा गया। अपमिश्रित तंबाकू का सैंपल भरते हुए करीब 123 किलोग्राम तंबाकू सील की गई। उन्होंने यह भी बताया कि प्रतिष्ठा से कुल सात सैंपल भरकर जांच के लिए भेजे गए हैं। वहीं करीब 13 लाख दो हजार 935 मूल्य की सामग्री सील की गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।