जदयू के पूर्व विधायक की संपत्ति होगी कुर्क? कोर्ट का आदेश; इस कांड में नॉन बेलेबल वारंट जारी है
अधिवक्ता कृष्णकांत सिंह ने वर्ष 2002 में हेमनारायण साह पर आरोप लगाते हुए मुख्य न्यायाधीश दंडाधिकारी की अदालत में परिवाद 418/ 2002 दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके मारपीट कर नकदी भी लूट लिया गया।

नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के पूर्व विधायक हेमनारायण साह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मारपीट व लूटपाट से संबंधित मामले में कोर्ट से अनुपस्थित रहने पर अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सह विशेष अदालत एमपी एमएलए ने सह अभियुक्तों के साथ उनकी भी संपत्ति को कुर्क कराए जाने की प्रक्रिया का आदेश पारित किया है। इसके पहले उनके खिलाफ नॉन बेलेबल वारंट जारी किया गया था पर पूर्व विधायक हाजिर नहीं हुए। एक अन्य घटना में उनके बॉडी गार्ड को गोली लगने की बात बताई जा रही है।
अधिवक्ता कृष्णकांत सिंह ने वर्ष 2002 में हेमनारायण साह पर आरोप लगाते हुए मुख्य न्यायाधीश दंडाधिकारी की अदालत में परिवाद 418/ 2002 दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके मारपीट कर नकदी भी लूट लिया गया। इस मामले में अदालत ने प्रथम दृष्टि में अभियुक्तों को नामित करते हुए उनकी उपस्थिति के लिए आदेश जारी किया ताकि वे मामले में अपना पक्ष रख सकें।
विचारण वाद संख्या 446/23 के अंतर्गत हेमनारायण साह व अन्य के विरुद्ध उनकी अनुपस्थिति को लेकर गैर जमानती वारंट भी निर्गत किया गया था। किंतु, वारंट पर भी अनुपस्थित रहने पर न्यायालय ने उपरोक्त आदेश पारित किया है।
पूर्व विधायक के अंगरक्षक को लगी गोली
महाराजगंज अनुमंडल मुख्यालय में शुक्रवार को आर्म्स सत्यापन के दौरान महाराजगंज के पूर्व विधायक हेमनारायण साह के निजी अंगरक्षक सह महाराजगंज थाना क्षेत्र के माघी गांव निवासी जनकदेव सिंह को जांघ में गोली लग गई। इससे वे जख्मी हो गये। उनको तुरंत पीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद सीवान रेफर कर दिया। चिकित्सक ने बताया कि एक्स-रे के बाद ही पता चलेगा की गोली फंसी है कि नहीं। वहीं निजी अंगरक्षक जनकदेव सिंह ने बताया कि पूर्व विधायक हेमनारायण साह का पिस्टल सत्यापन कराने के लिए शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय गया था। आर्म्स सत्यापन के दौरान गोली नम्बर नोट कराने के दौरान पिस्टल से फायर हो गई। जिससे उनके बाये जांघ में गोली लग गई।
इस संबंध में बीडीओ बिन्दु कुमार ने बताया कि सत्यापन थाना में हो रहा था। कुछ लोगों ने प्रखंड कार्यालय में आकर आर्म्स का सत्यापन कराया। उन्होंने बताया कि गोली प्रखंड कार्यालय में नहीं चली है। इस संबंध में एसडीओ अनीता सिन्हा ने बताया कि गोली कहां लगी है अधिकारियों से बात की जा रही है। वहीं एसडीपीओ राकेश कुमार रंजन ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच चल रही है।