प्रेम प्रसंग के शक में पति बना कातिल
बनमनखी में एक पति ने अपनी पत्नी अन्नु देवी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या का आरोप अपने बहनोई पर लगाते हुए उसने शव को घर के पीछे दफना दिया। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी पति गगनदीप मंडल को गिरफ्तार कर...

बनमनखी, संवाद सूत्र। प्रेम प्रसंग के शक में एक पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और वारदात को छिपाने के लिए शव को घर के पीछे दफना दिया। वहीं हत्या का आरोप भी अपने बहनोई पप्पू कुमार मंडल पर मढ़ डाला। मगर चार दिन बाद पुलिस ने ना सिर्फ शव बरामद हुआ, बल्कि कातिल पति को सलाखों के पीछे भेज दिया गया। मामला बनमनखी अनुमंडल के सरसी थाना क्षेत्र अंतर्गत बहोरा गांव का है। हत्या की यह घटना बीते रविवार की रात की बताई जा रही है, जब गांव की अन्नु देवी की अचानक लापता होने की चर्चा फैली।
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर जब छानबीन शुरू हुई तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुबोध कुमार ने बताया कि मृतका अन्नु देवी की हत्या उसके ही पति गगनदीप मंडल ने की थी। ...दो वर्षों से चल रहे प्रेम प्रसंग से नाराज था पति: पुलिस पूछताछ में गगनदीप ने कबूल किया कि उसकी पत्नी अन्नु देवी का पिछले दो वर्षों से किसी अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। यह बात उसे बेहद नागवार गुजर रही थी। इसी कारणवश उसने रविवार की रात गुस्से में आकर पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के इरादे से घर के पीछे गड्ढा खोदकर दबा दिया और किसी को भनक तक नहीं लगने दी। ....बहनोई पर लगाया था झूठा आरोप: हैरत की बात रही कि गगनदीप ने हत्या के बाद सारा शक अपने ही बहनोई पप्पू कुमार मंडल पर डालने की कोशिश की। प्रारंभिक जांच में जब पप्पू कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो उसकी भूमिका संदिग्ध नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए गगनदीप, उसकी बहन पिंकी देवी और बहनोई पप्पू को थाना बुलाया। पूछताछ के दौरान गगनदीप की बातों में विरोधाभास मिलने पर जब पुलिस ने कड़ाई की तो सारी सच्चाई सामने आ गई। गगनदीप ने हत्या में प्रयुक्त कुदाल की जानकारी भी दी जिसे पुलिस ने घटनास्थल से बरामद कर लिया। पुलिस की सूझबूझ, सतर्कता और वैज्ञानिक अनुसंधान ने असली कातिल को बेनकाब कर दिया। ....मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में निकाला गया शव: शव की बरामदगी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में वीडियोग्राफी कराते हुए की गई। गड्ढे से निकाले गए शव की पहचान अन्नु देवी के रूप में हुई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को भेजा और हत्या के साक्ष्य जुटाते हुए गगनदीप को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी और जांच में सरसी थानाध्यक्ष अभय कुमार, अवर निरीक्षक प्रदीप कुमार, मनोज पासवान समेत अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे। ....बोले अधिकारी: एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है और हत्या की वजह पत्नी का प्रेम प्रसंग बताया है। फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।