जमीन विवाद की पंचायत में पहुंचे पूर्व पार्षद पर चली गोली, बाल-बाल बचे
पूर्णिया में एक जमीन विवाद की पंचायत के दौरान पूर्व पार्षद विजय उरांव पर नकाबपोश बदमाशों ने गोली चलाई। दूर से चलाई गई गोली से वह बाल-बाल बच गए। घटना बीबीगंज चौक पर हुई, जहां बदमाश बाइक से आए और गोली...

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। जमीन विवाद की पंचायत में गए पूर्णिया नगर निगम के पूर्व पार्षद पर नकाबपोश बदमाशों ने गोली चला दी। दूर से गोली चलने से वह बाल-बाल बच गए। गोली चलाने के बाद फायरिंग करते बदमाश भाग निकले। पूर्व पार्षद एवं उनके समर्थकों ने स्थल से दो खोखे भी बरामद किए हैं। जिसे सूचना पर गई पुलिस को सौंप दिया गया है। घटना सदर थाना के बीबीगंज चौक पर रविवार दोपहर बाद घटी है। बताया जा रहा है कि विजय उरांव का बीबीगंज के एक व्यक्ति के साथ जमीन विवाद चल रहा है। जिसको सुलझाने के लिए वह बीबीगंज चौक पर कुछ लोगों के साथ पंचायत कर रहे थे। इसी दौरान पंचायत स्थल से लगभग सौ मीटर की दूरी पर एक बाइक आकर रूकी। बाइक पर दो नकाबपोश युवक सवार थे। उन्होंने विजय उरांव का नाम लेकर गोली चला दी। दूरी की वजह से उनका निशाना चूक गया। इतने में बदमाशों ने दूसरी गोली चलाई और वहां से भाग निकले। गोली चलने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। पूर्व पार्षद एवं उनके समर्थकों ने घटना स्थल से दो खोखे बरामद किए। मामले की सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई। जहां से पुलिस पहुंच कर छानबीन की। सदर थाना की अपर थानाध्यक्ष अनुपम राज ने बताया कि पूर्व पार्षद ने घटना स्थल से खोखे बरामद किए हैं। अब तक उन्होंने आवेदन नहीं दिया है। आवेदन के आलोक में कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।