छह घंटे तक मुख्य सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
सिमरी बख्तियारपुर में रोहन मोदी की हत्या के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और मुख्य बाजार में जाम लगा दिया। परिजनों ने मालिक और उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है। शव मिलने के बाद बाजार बंद हो गया...

सिमरी बख्तियारपुर, एक प्रतिनिध। मृतक के शव पहुंचने के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। शव को लेकर सिमरी बख्तियारपुर मुख्य बाजार में जाम कर दिया। लगभग छह घंटे तक जाम के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। लोग स्टेशन जाने के लिए परेशान रहे और दूसरे मार्ग से स्टेशन पहुंचे। इधर व्यवसायियों ने स्वत: स्फूर्त बाजार बंद कर दिया। बाजार बंद रहने के कारण खरीददारी करने आए लोग बेरंग घर वापस लौट गए। व्यवसायिययों का कहना है कि इस घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। मामले में जो भी दोषी हों उसपर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। परिजनों का आरोप है कि रोहन मोदी उर्फ ऋतिक की हत्या उसके मालिक और उसके परिजनों द्वारा की गई है।
उन्होंने दावा किया कि हत्या के बाद शव को रोज वैली स्कूल के समीप फेंक दिया गया। शव के पास पड़ी थी मृतक की बाइक : मृतक का शव जहां बरामद हुआ वहां उसकी बाइक भी बरामद हुई है, जो गिरी पड़ी थी। मृतक पेशे से चालक था और एएसआई के यहां काम करता था। शनिवार की देर रात युवक के शव को देखकर लोगों ने रात करीब साढ़े 11 बजे पुलिस को सूचना दी। उसके बाद एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर, थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार, अपर थानाध्यक्ष इंदल कुमार गुप्ता, दारोगा नरेंद्र सिंह और पंकज गुप्ता सदल बल घटनास्थल पर पहुंचे और गहन जांच शुरू की। इधर बख्तियारपुर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया। इधर, घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों के बीच कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद जब शव सिमरी बख्तियारपुर पहुंचा तो परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। मृतक की मां ने दोषियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की: मृतक की मां सुमन देवी ने यह भी आरोप लगाया है कि एएसआई भूमाफिया है जो विवादित जमीन पर कब्जा करता है। वह पुलिस बल में नियुक्त है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि ऋतिक का मोबाइल भी एएसआई के पास ही था। आवेदिका ने यह भी मांग की है कि एएसआई के घर, आसपास के सीसीटीवी फुटेज की सही तरीके से जांच की जाए तो मेरे पुत्र की हत्या का सच सामने आ जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है। जिससे उसके बेटे की मौत के सही कारणों का पता चल सके और उसे न्याय मिल सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।