निजी भवन में आंगनबाडी चलाने को लेकर हंगामा
दरौंदा में 20 सूत्री की पहली बैठक में हंगामा हुआ। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में निजी भवन में संचालन और पोषाहार के लिए वसूली के मुद्दे उठाए गए। कई पंचायतों में नल-जल योजना का संचालन नहीं हो रहा है।...

दरौंदा, एक संवाददाता। प्रखंड कार्यालय के सभागार में कार्यक्रम 20 सूत्री की पहली बैठक मंगलवार को हंगामे के साथ संपन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता 20 सूत्री अध्यक्ष सह भाजपा के पश्चिमी मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह उर्फ बबलू सिंह ने किया। बैठक में कई विभागों की अनियमितता उजागर हुई। आंगनबाड़ी केंद्रों से वसूली एवं निजी भवन में संचालन का मामला उमाशंकर सिंह ने उठाया। उन्होंने कहा कि प्रखंड के अधिकतर पंचायत में आंगनबाड़ी का संचालन निजी भवन में कराई जा रही है। इसके साथ ही पोषाहार बदले सेविका व सहायिका से तीन हजार तक प्रतिमाह लिया जा रहा है। उन्होंने अध्यक्ष से सभी आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच कर रिपोर्ट सौंपने की बात कही।
उपाध्यक्ष पूर्वी मंडल अध्यक्ष अरुण कुमार भारती ने रानीबाड़ी में एक विद्यालय का संचालन दूसरे स्कूल में शिफ्ट कर चलाने की बात कही। सदस्य मनीष सिंह ने कहा कई पंचायत में नल-जल योजना का संचालन नहीं हो रहा है। साथ ही, वहां के पंप संचालकों का मानदेय भी नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि एफसीआई गोदाम में माप तौल करने के लिए मशीन नहीं लगाई गई है। डीलरों को कम वजन पर राशन मिल रहा है। डीलर भी लाभुकों को कम राशन दे रहे हैं। सदस्य हरि प्रेम ने मनरेगा से मामला उठाया की मेठ के रहते हुए भी एक निजी व्यक्ति द्वारा गलत उपस्थिति बनाकर पैसे की बंदरबांट कर ली जा रही है। उपाध्यक्ष मनोज सिंह ने कहा कि विद्यालय की मरम्मत व रंगरोधन का कार्य केवल विद्यालय के सामने से हुआ है। बाकी अन्य हिस्सा में बिना रंग रोधन के ही पैसे का उठाव कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि बिना रजिस्ट्रेशन के स्थानीय बाजार पर कई चिकित्सा केंद्र चलाई जा रही है। उसकी जांच कर जल्द से जल्द करवाई की जाए। बैठक में प्रभारी बीडीओ वैभव शुक्ला, बीईओ सह श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सौरभ सुमन, कृषि पदाधिकारी बिक्रमा मांझी, पीएचईडी जेई कुंज बिहारी, संजीव कुमार सिंह, बेबी देवी, पप्पू पासवान, मधेश कुमार शामिल थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।