17 प्रखंडों के 139 गांवों में घर-घर की जा रही है कालाजार रोगियों की खोज
सीवान जिले में कालाजार के संभावित मरीजों की पहचान के लिए 15 दिन का विशेष अभियान शुरू किया गया है। इस दौरान 139 गांवों में 51,622 घरों के 2,19,823 लोगों की पहचान की जाएगी। आशा कार्यकर्ताओं को...

सीवान, निज प्रतिनिधि। जिले में कालाजार उन्मूलन कार्यक्रम के तहत कालाजार के संभावित मरीजों की पहचान के लिए विशेष अभियान की शुरूआत की गयी है। कुल 15 दिनों तक चलाए जाने वाले इस अभियान के दौरान 17 प्रखंडों के 139 गांवों में घर-घर कालाजार रोगियों की पहचान की जा रही है। जिले के 51 हजार 622 घरों के 2 लाख 19 हजार 823 लोगों पर पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इस काम को पूरा करने का दायित्व कुल 195 आशा कार्यकताओं व 74 आशा फैसिलेटर के जिम्मे दिया गया है। अभियान चलाने का मुख्य उद्देश्य कालाजार पीकेडीएल/एचआईवी- वीएल के छुपे हुए रोगियों की घर- घर खोज कर ससमय इनकी जांच व उपचार कराना है।
कालाजार खोज अभियान के दौरान मरीजों की खोज करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया गया है। बताया गया कि वैसे व्यक्ति जिन्हें बुखार नहीं हो लेकिन उनके शरीर के चमड़े पर चकता अथवा दाग हो, लेकिन उसमें सूनापन नहीं हो तथा वह पूर्व में कालाजार से पीड़ित रहे हो, वैसे व्यक्तियों को भी आरके-39 किट से जांच कराने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को रेफर किया जाना है। क्या कहते हैं जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डीवीबीडीसीओ डॉ. ओम प्रकाश लाल ने बताया कि दरौली एवं हसनपुरा प्रखंड को छोड़कर बाकी सभी प्रखंडों में कालाजार रोगी खोज अभियान चलाया जा रहा है। जिले के 51 हजार 622 घरों के 2 लाख 19 हजार 823 लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आशा घर-घर घूमकर संदेहास्पद रोगियों की खोज करने में जुटी हुई हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।