पटना में दारोगा समेत 3 को मारी गोली; जमीन विवाद की पंचायती में फायरिंग, बेटा भी घायल
पटना के धनरूआ क्षेत्र के सेवती गांव में जमीन विवाद को लेकर हो रही पंचायती में दारोगा समेत 3 लोगों को गोली मार दी। जिसमें एसआई मनोज सिंह का बेटा सावन कुमार और भतीजा शामिल है। घटना के बाद से गांव में तनाव है।

पटना के धनरूआ थाना क्षेत्र के सेवती गांव में रविवार को जमीन विवाद पर पंचायती में हुई फायरिंग में सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार, उनके बेटे सावन कुमार और भतीजे रोहित कुमार को गोली लगी है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल दारोगा सहरसा में तैनात हैं। जानकारी के मुताबिक भूमि विवाद को लेकर हो रही पंचायती के दौरान रोड़ेबाजी के बाद फायरिंग हुई थी। करीब 20 राउंड गोलियां चलीं। जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई।
दारोगा के पैर में गोली लगी है, जबकि बेटे के शरीर में तीन गोली लगी हैं। भतीजे रोहित के पेट में गोली लगी है। सभी को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल हैं। जिसके मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है। जमीन विवाद पर आपसी समझौता को लेकर पंचायती में बवाल हो गया।
बताया जा रहा है कि सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार की पूर्वजों की जमीन पर कुछ लोगों ने जबरन कब्जा किया था। जिसे सुलझाने के लिए पंचायची चल रही थी। इसी बीच कई अज्ञात लोग वहां पहुंच गए, और गोलियां चलानी शुरू कर दी। परिजनों के मुताबिक दारोगा मनोज कुमार का बेटा सावन छपरा में रहता है। धनरूआ के सेवती गांव में उसकी नानी घर है। दो दिन पहले 6 जून को सावन की शादी हुई थी।