₹16,000 करोड़ जुटाएगा यस बैंक, बोर्ड के ऐलान के बाद शेयर पर दिखा असर
Yes Bank Fund Raising: यस बैंक ने अपने बिजनेस को आगे बढ़ाने के लिए ₹16,000 करोड़ जुटाने का बड़ा फैसला किया। इसके बाद आज शेयर की कीमतें ₹21.24 तक पहुंच गईं।

Yes Bank Fund Raising: यस बैंक ने अपने बिजनेस को आगे बढ़ाने के लिए ₹16,000 करोड़ जुटाने का बड़ा फैसला किया। इसके बाद आज शेयर की कीमतें ₹21.24 तक पहुंच गईं, जो पिछले भाव से लगभग 1.87% ऊपर थीं। हालांकि, जल्द ही यह तेजी, गिरावट में बदल गई और स्टॉक लाल निशान पर आ गया।
यस बैंक के बोर्ड ने दो तरह से पैसे जुटाने की मंजूरी दी है। पहला, इक्विटी सिक्योरिटीज (जैसे नए शेयर या वारंट) जारी करके ₹7,500 करोड़ इकट्ठा किए जाएंगे। बोर्ड ने साफ किया कि इससे शेयरहोल्डर्स की हिस्सेदारी 10% से अधिक नहीं घटेगी। दूसरा, डेब्ट सिक्योरिटीज (कर्ज के पेपर) जारी करके भारतीय या विदेशी करेंसी में ₹8,500 करोड़ जमा किए जाएंगे।
नियमों में बदलाव
बैंक ने अपने आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन (मौलिक नियम) में भी बदलाव करने का फैसला लिया। यह बदलाव एसबीआई (SBI) और जापान की बैंक एसएमबीसी (SMBC) को विशेष अधिकार देने के लिए किया जा रहा है। इन अधिकारों के लिए जरूरी है कि SMBC की हिस्सेदारी 10% से कम न हो। SBI की हिस्सेदारी 5% से कम न हो। इन बदलावों पर RBI और शेयरहोल्डर्स की मंजूरी अभी बाकी है।
कर्लाई ग्रुप ने बेचे 2.6% शेयर
इस खबर से ठीक एक दिन पहले, मंगलवार को अमेरिकी निवेशक कंपनी कर्लाई ग्रुप ने यस बैंक में अपनी 2.6% हिस्सेदारी बेच दी। कर्लाई की सहायक कंपनी CA Basque Investments ने बाजार में कुल 82 करोड़ शेयर बेचे, जिसकी कीमत ₹21.61 से ₹21.68 प्रति शेयर के बीच थी। इस तरह कुल लेनदेन ₹1,775 करोड़ के आसपास हुआ। इस बिक्री के बाद कर्लाई की हिस्सेदारी 6.84% से घटकर 4.22% रह गई है।
शेयर प्राइस हिस्ट्री
यस बैंक के शेयर ने पिछले 1 महीने में करीब 18% चढ़ा और पिछले 3 महीने में 29% की बढ़त दर्ज की। पिछले 2 साल में निवेशकों को 28% का फायदा हुआ और पिछले 3 साल में तो शेयर ने 59% की शानदार बढ़त दिखाई। हालांकि, पिछले 1 साल में शेयर 4.5% नीचे रहा, लेकिन इस साल (2024) में अब तक 6.32% ऊपर है। बुधवार सुबह 10:05 बजे तक यस बैंक का शेयर ₹20.87 पर ट्रेड कर रहा था, जो पिछले दिन के मुकाबले 0.048% ऊपर था।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)