World Hindi Day 2025 theme: जानें क्यों मनाया जाता है विश्व हिंदी दिवस, राष्ट्रीय हिंदी दिवस से कैसे है अलग
- World Hindi Day 2025 theme: विश्व हिंदी दिवस और राष्ट्रीय हिंदी दिवस दोनों दिनों का मकसद हिन्दी को प्रोत्साहित करना है। विश्व हिंदी दिवस का उद्देश्य वैश्विक स्तर पर इसे बढ़ावा देना है।

World Hindi Day 2025 theme , history : दुनिया भर में हिंदी को बढ़ावा देने के लिए हर साल 10 जनवरी का दिन विश्व हिंदी दिवस के तौर पर मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने का सबसे बड़ा मकसद है कि हिंदी का वैश्विक स्तर पर ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके अलावा दुनियाभर के तमाम देशों में बसे भारतीयों को एक सूत्र में बांधने के लिए भी विश्व हिंदी दिवस मनाया जाता है। हिंदी भारतीयता की पहचान है। विश्व हिंदी दिवस हिंदी को वैश्विक पहचान दिलाने का संकल्प लेने का दिन है। भारत सरकार ने प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में 10 जनवरी, 2006 को विश्व हिन्दी दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा की थी। हिंदी भारत के साथ ही विदेशों में बसे भारतीयों के दिलों को आपस में जोड़ती है और उन्हें एकजुट करती है, ऐसे में इस दिन की अहमियत और भी बढ़ जाती है।
विश्व हिंदी दिवस 2025 थीम (World Hindi Day 2025 theme)
हर वर्ष विश्व हिंदी दिवस की एक थीम भी रखी जाती है। साल 2025 में विश्व हिंदी दिवस की थीम है - 'एकता और सांस्कृतिक गौरव की वैश्विक आवाज।' इस थीम का मकसद भाषाई और अंतर्राष्ट्रीय लेन देन के लिए हिंदी भाषा के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है।
राष्ट्रीय हिंदी दिवस से कैसे है यह दिन अलग
विश्व हिंदी दिवस और हिंदी दिवस में अंतर है। भारत में हिंदी दिवस 14 सितंबर को होता है। वहीं हर साल विश्व हिंदी दिवस 10 जनवरी को मनाया जाता है। दोनों दिनों का मकसद हिन्दी को प्रोत्साहित करना है। विश्व हिंदी दिवस का उद्देश्य वैश्विक स्तर पर इसे बढ़ावा देना है। आजादी मिलने के दो साल बाद 14 सितबंर 1949 को संविधान सभा में एक मत से हिंदी को राजभाषा घोषित किया गया था। इस निर्णय के बाद हिंदी को हर क्षेत्र में प्रसारित करने के लिए राष्ट्रभाषा प्रचार समिति, वर्धा के अनुरोध पर पूरे भारत में 14 सितंबर को हर साल राष्ट्रीय हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाने लगा।
पहला हिंदी दिवस
पहले विश्व हिन्दी सम्मेलन का आयोजन 10 जनवरी, 1975 को नागपुर में किया गया था। अभी तक पोर्ट लुईस, स्पेन, लंदन, न्यूयॉर्क, जोहानसबर्ग आदि सहित भारत में विश्व हिन्दी सम्मेलनों का आयोजन किया जा चुका है। इसी दिवस को मनाने के लिए प्रतिवर्ष 10 जनवरी को विश्व हिन्दी दिवस के रूप में मनाया जाता है।
विश्व हिन्दी दिवस के अवसर पर विश्वभर में फैले भारत के दूतावासों, विदेशों के विश्वविद्यालयों की हिन्दी शिक्षण पीठों में, भारत के सभी सरकारी कार्यालयों, विश्वविद्यालयों, स्कूलों भिन्न-भिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है जिससे कि हिन्दी के बारे में व्यापक प्रचार- प्रसार किया जा सके। विश्व हिन्दी दिवस के अवसर पर सभी भारतीयों को हिन्दी को दुनिया के कोने-कोने में पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।