छत्तीसगढ़ में नक्सलियों पर और कसा शिकंजा, 20 माओवादी गिरफ्तार; कई बड़े अधिकारी भी शामिल
सुरक्षाबलों की कार्रवाई के दौरान 1 डीवीसी, 5 एसीएम सहित कुल 20 माओवादियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार माओवादियों से 3 इंसास रायफल, 4 SLR रायफल, ग्रेनेड, वॉकी टॉकी, विस्फोट सामग्री सहित अन्य सामान बरामद हुआ है।

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों पर सुरक्षाबलों का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। फोर्स के बढ़ते दबाव से माओवादी संगठन बैकफुट पर है और सुरक्षित ठिकाना तलाश रहे हैं। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में कुर्रेगुट्टा ऑपरेशन खत्म होते ही पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 20 नक्सलियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार माओवादियों में 1 DVC, 5 ACM और 14 पार्टी मेंबर शामिल हैं और इनमें से कई तो बुरकापाल और मिनपा जैसी बड़ी नक्सल घटनाओं में शामिल रहे हैं। जवानों ने नक्सलियों से आधुनिक हथियार भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार कई नक्सली काफी लंबे समय से छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के जिलों में एक्टिव थे।
तेलंगाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुलुगु जिले के वाज़ेडु, वेंकटापुरम , कन्नईगुड़म थाना क्षेत्रों से नक्सलियों की गिरफ्तारी की गई है। गिरफ्तार माओवादियों से 3 इंसास राइफल, 4 SLR राइफल, एक 303 राइफल, ग्रेनेड और वॉकी-टॉकी समेत बड़ी मात्रा में विस्फोटक और नकदी बरामद हुई है। वहीं दूसरी तरफ तेलंगाना के मुलुगु जिले में ही एक DVCM समेत 8 माओवादियों ने एसपी के सामने सरेंडर कर दिया, जिसमें एक DVCM, 6 प्लाटून मेंबर, एक जनमिलीशिया सदस्य हैं। नक्सलियों की गिरफ्तारी और सरेंडर से एंटी नक्सल ऑपरेशन को बड़ी सफलता मानी जा रही है।
सबसे बड़े ऑपरेशन में मारे गए 31 नक्सली
बता दें कि बीजापुर से लगती तेलंगाना की सीमा पर 21 दिनों तक नक्सलियों के खिलाफ सबसे बड़ा ऑपरेशन चलाया गया था। जिसके बारे में CRPF के DG और छत्तीसगढ़ DGP ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी थी। अफसरों ने बताया था कि इस ऑपरेशन में अब तक 31 नक्सली मारे गए हैं। मारे गए नक्सलियों पर 1 करोड़ 72 लाख रुपयों का इनाम घोषित था। इस ऑपरेशन में 18 जवान भी घायल हुए। कर्रेगुट्टा पहाड़ और रास्तों से 35 रायफल और 450 IED बरामद किए गए हैं। माओवादियों ने पहाड़ियों पर दो वर्षों तक का राशन जमा कर रखा था और इस दौरान 12000 किलो राशन बरामद हुआ था। सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के बनाए 214 बंकर और ठिकाने तबाह किए थे।
63 जवानों की हत्या में शामिल नक्सली भी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार नकली छत्तीसगढ़ के कई बड़ी नक्सल घटनाओं में शामिल रहे हैं। 2021 में टेकलगुड़ा हमला, 2017 बुरकापाल और 2020 में मिनपा जैसे बड़े हमले में शामिल माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है। टेकलगुड़ा हमले में 22 जवान, बुरकापाल में 26 जवान और मिनपा हमले में 17 जवान शहीद हुए थे।
रिपोर्ट- संदीप दीवान
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।