छत्तीसगढ़ में अब झमाझम बारिश का दौर; किन जिलों में येलो और कहां ऑरेंज अलर्ट?
Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है। अब सूबे में झमाझम बारिश का दौर शुरू होगा। इसको लेकर कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है।

छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है। काले बादल छाए हैं। अब सूबे में झमाझम बारिश का दौर शुरू होगा। इससे गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून का छत्तीसगढ़ के दक्षिणी रीजन से आगे बढ़ने की अनुकूल परिस्थितियां बनी हैं। इस बीच रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने छत्तीसगढ़ के 19 जिलों के लिए ऑरेंज और 9 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है। अचानक तेज हवा भी चल सकती है। हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
बारिश का मुख्य क्षेत्र मध्य छत्तीसगढ़ होने की संभावना है। मौसम विभाग ने यह अलर्ट आगामी तीन घंटों के लिए जारी किया है। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाडा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, मुंगेली के लिए तेज हवा और गरज चमक के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की घटना भी हो सकती है। इन जिलों में हवा की स्पीड 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे हो सकती है।
इन जिलों में यलो अलर्ट
वहीं सुकमा, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा -मरवाही, कबीरधाम, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर में गरज चमक तेज हवाओं के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है। हवा की स्पीड 30 से 40 किमी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने यह अलर्ट तीन घंटों के लिए जारी किया है।
रायपुर सबसे ज्यादा गर्म, दुर्ग ठंडा
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान सुकमा जिले में सबसे ज्यादा 26 मिमी बारिश हुई है। इसके अलावा दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बस्तर, कांकेर, धमतरी, बालोद, रायपुर, खैरागढ़-गंडई-छुईखदान जिले में हल्की से मध्यम बारिश हुई है।
मानसूनी गतिविधियों तेजी के आसार
बारिश का दौर शुरू होने और आसमान में बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। एक दिन पहले प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म रायपुर रहा, यहां तापमान 39.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं रात का सबसे कम न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दुर्ग जिले में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र ने 14 और 15 जून से मानसूनी गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना जताई है।
इस सिस्टम से हो रही बारिश
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, दक्षिण पश्चिम मानसून को आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं। एक ट्रफ पंजाब पर स्थित साइक्लोनिक सर्कुलेशन से दक्षिण पूर्व एमपी तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। वहीं एक ऊपरी हवा का साइक्लोनिक सर्कुलेशन उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिण ओडिशा के ऊपर 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ट्रफ उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे ओडिशा के ऊपर स्थित चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण से छत्तीसगढ़, मराठवाड़ा, अंदरूनी कर्नाटक होते हुए तटीय कर्नाटक तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है।
रिपोर्ट- संदीप दीवान
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।