Live IND U19 vs SL U19: शान से फाइनल में पहुंचा भारत, श्रीलंका को सात विकेट से पीटा
अंडर-19 एशिया कप 2024 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच शारजाह क्रिकेट स्टेडियम पर खेला गया, जहां भारत ने सात विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली है।

एसीसी अंडर-19 एशिया कप 2024 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला शारजाह क्रिकेट स्टेडियम पर खेला गया, जहां भारत ने सात विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली। भारत ने श्रीलंका को आसानी से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। मोहम्मद अमान ने छक्के के साथ जीत दिलाई। भारतीय टीम की जीत के हीरो वैभव सूर्यवंशी के साथ, चेतन शर्मा और आयुष म्हात्रे रहे। वैभव ने 36 गेंदों पर 67 रन बनाए। चेतन शर्मा ने 8 ओवर में 34 रन देकर तीन विकेट चटकाए। वहीं आयुष म्हात्रे ने 10 ओवर में 37 रन देकर दो विकेट चटकाए और 28 गेंदों पर 34 रन भी बनाए।
India U19 vs Sri Lanka U19 UPDATES:
03:49 PM: 21.4 ओवर में मोहम्मद अमान ने छक्का लगाया और इसके साथ ही टीम इंडिया को सात विकेट से शानदार जीत दिलाई। भारत ने 21.4 ओवर में तीन विकेट पर 175 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। इससे पहले भारत ने श्रीलंका को 173 रनों पर समेट दिया था। कप्तान अमान 25 रन बनाकर नॉटआउट लौटे।
03:42 PM: 20 ओवर में भारत का स्कोर तीन विकेट पर 160 रन बना लिए हैं। भारत जीत से अब ज्यादा दूर नहीं है। जीत के लिए भारत को महज 14 रन और चाहिए।
03:26 PM: 16.2 ओवर में सिद्धार्थ के रूप में भारत को तीसरा झटका लगा। सिद्धार्थ 22 रन बनाकर आउट हुए। भारत जीत से महज 26 रन दूर है। जीत दर्ज करते ही भारत फाइनल में पहुंच जाएगा।
03:13 PM: 13.4 ओवर में भारत ने 132 रनों पर वैभव सूर्यवंशी के रूप में दूसरा विकेट गंवाया। सूर्यवंशी ने 36 गेंदों पर 67 रन ठोके। भारत अब जीत से ज्यादा दूर नहीं है।
03:06 PM: भारत ने 12 ओवर में एक विकेट पर 121 रन बना लिए हैं। भारत जीत से अब महज 53 रन दूर है। वैभव सूर्यवंशी 59 रन बनाकर जबकि आंद्रे सिद्धार्थ 14 रन बनाकर खेल रहे हैं।
02:55 PM: भारत ने 10 ओवर में एक विकेट खोकर 108 रन बना लिए हैं। आयुष 28 गेंद में 34 रन बनाकर आउट हुए।
02:40 PM: 174 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को वैभव और आयुष ने दमदार शुरुआत दिलाई है। दोनों के बीच 70 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है।
01:40 PM: श्रीलंकाई टीम 173 रनों पर ऑलआउट हो गई। फाइनल में पहुंचने के लिए भारत को अब 174 रन बनाने होंगे। युद्धजीत गुहा ने न्यूटन रंजीत कुमार को आउट कर श्रीलंका को ऑलआउट किया। श्रीलंकाई टीम 46.2 ओवर में ऑलआउट हो गई।
01:35 PM: हार्दिक राज ने प्रवीण महीशा को आउट कर श्रीलंका को 9वां झटका दिया। 44.2 ओवर में श्रीलंका ने 170 रनों पर 9वां विकेट गंवा दिया था।
01:27 PM: 43.2 ओवर तक श्रीलंका का स्कोर 167 रनों पर आठ विकेट हो चुका है। चेतन शर्मा ने 42.1 ओवर में विरान को आउट कर श्रीलंका को सातवां झटका दिया था, इसके बाद 44वें ओवर में किरन चोरमाले ने लेकविन को आउट कर श्रीलंका को बड़ा झटका दिया। लेकविन 69 रन बनाकर आउट हुए।
01:01 PM: 39.2 ओवर में श्रीलंका ने छठा विकेट गंवाया। किरन चोरमाले ने विहास को आउट कर भारत को छठी सफलता 145 रनों पर दिलाई। 40 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर छह विकेट पर 147 रन है। लेकविन 62 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।
12:52 PM: 34.2 ओवर में श्रीलंका को पांचवां झटका लगा, जब आयुष म्हात्रे ने कविजा गमागे को बोल्ड कर दिया। गमागे 10 रन बनाकर आउट हुए। 119 रनों पर श्रीलंका ने पांचवां विकेट गंवाया।
12:25 PM: 28.2 ओवर में आखिरकार लेकविन और शरजुन की साझेदारी टूटी। आयुष म्हात्रे ने शरजुन को आउट कर भारत को चौथी सफलता दिलाई। श्रीलंका ने 101 रनों पर यह विकेट गंवाया।
11:50 AM: 18 ओवर में श्रीलंका ने तीन विकेट पर 54 रन बना लिए हैं। लेकविन और शरजुन ने मिलकर पारी को संभाला है। हालांकि भारतीय गेंदबाजों ने काफी कसी हुई गेंदबाजी की है।
11:20 AM: 10 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर तीन विकेट पर 28 रन है। लेकविन 9 रन बनाकर जबकि शरुजम पांच रन बनाकर खेल रहे हैं।
10:56 AM: पांच ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 16 रनों पर तीन विकेट है। लेकविन अभयसिंहे 6 रन बनाकर जबकि शरजुन एक रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत की ओर से युद्धजीत गुहा ने तीन ओवर में नौ रन दिए हैं, वहीं चेतन शर्मा ने जो ओवर में सात रन देकर दो विकेट चटकाए हैं।
10:49 AM: चेतन शर्मा ने दुलनिथ सिगेरा के रूप में भारत को दूसरी सफलता दिलाई। 3.3 ओवर में दिलनुथ दो रन बनाकर आउट हुए और अगली ही गेंद पर विमथ दिंसारा गोल्डन डक पर आउट हो गए। चेतन हैट्रिक पर थे, लेकिन नोबॉल से उनकी हैट्रिक मिस हो गई।
10:45 AM: भारत को पहली सफलता मिल गई है। तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर युद्धजीत गुहा के ओवर में पुलिंदु परेरा रनआउट हो गए। श्रीलंका ने आठ रनों पर पहला विकेट गंवाया है।
10:35 AM: श्रीलंका ने पहले ओवर में बिना विकेट गंवाए सात रन बना लिए हैं। पहले ओवर के बाद पुलिंदु पांच रन बनाकर जबकि दुलनिथ दो रन बनाकर खेल रहे हैं।
10:30 AM: श्रीलंका की पारी का आगाज हो गया है। पुलिंदु परेरा और दुलनिथ सिगेरा ने पारी का आगाज किया है। भारत की ओर से पहला ओवर युद्धजीत गुहा कर रहे हैं।
10:15 AM: श्रीलंका का प्लेइंग XI: पुलिंदु परेरा, दुलनिथ सिगेरा, शरुजन, विमथ दिंसारा, लेकविन अभयसिंहे, कविजा गमागे, विरन चामुदिथा, विहास थेवमिका, प्रवीण महीशा, न्यूटन रंजीत कुमार, मथुलन कुगाथस।
10:05 AM: भारत का प्लेइंग XI: आयुष म्हात्रे, वैभव सूर्यवंशी, आंद्रे सिद्धार्थ सी, मोहम्मद अमान (कप्तान), केपी कार्तिकेय, निखिल कुमार, हरवंश सिंह (विकेटकीपर), किरन चोरमाले, हार्दिक राज, चेतन शर्मा, युद्धजीत गुहा।
10:00 AM: श्रीलंका ने टॉस जीता और भारत के खिलाफ पहले बैटिंग का फैसला लिया है।
ग्रुप बी की टॉप टीम श्रीलंका और ग्रुप ए की दूसरे नंबर की टीम भारत के बीच यह मैच खेला जा रहा है। श्रीलंकाई टीम अजेय रहते हुए यहां तक पहुंची है, वहीं भारत को लीग राउंड में पाकिस्तान से हार का सामना करना पड़ा था। अंडर-19 एशिया कप के दूसरे सेमीफाइनल मैच में श्रीलंका ने टॉस जीता और पहले बैटिंग का फैसला लिया।