रहाणे-पुजारा और बदोनी का दिल टूटा, नर्वस नाइटीज का हुए शिकार, सिर्फ एक रन से टूटा दिल
- चेतेश्वर पुजारा, आयुष बदोनी और अजिंक्य रहाणे शुक्रवार को रणजी ट्रॉफी के अंतिम ग्रुप चरण के मैचों में शतक से चूक गए। पुजारा-बदोनी सिर्फ एक-एक रन से शतक नहीं बना सके।

रणजी ट्रॉफी 2024-25 में सातवें राउंड के मुकाबले जारी है। दूसरे चरण के मैचों के दौरान भारतीय टीम के कई खिलाड़ी भी खेलते हुए नजर आ रहे हैं। दिल्ली के लिए विराट कोहली तो वहीं कर्नाटक के लिए केएल राहुल बल्लेबाजी करते हुए नजर आए। हालांकि दोनों खिलाड़ी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। इस दौरान दूसरे दिन अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा और दिल्ली के कप्तान आयुष बदोनी शतक के काफी करीब पहुंचकर चूक गए।
चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे शुक्रवार को रणजी ट्रॉफी के अंतिम ग्रुप चरण के मैचों में शतक से चूक गए। सौराष्ट्र के लिए खेलते हुए चेतेश्वर पुजारा अपने 67वें प्रथम श्रेणी शतक से सिर्फ एक रन से चूक गए। असम के खिलाफ मैच में वह 99 के स्कोर पर आउट हुए। वहीं अजिंक्य रहाणे मेघालय के खिलाफ 96 पर आउट हुए। रहाणे ने 177 गेंदों का सामना करते हुए अपनी पारी में 11 चौके और एक छक्का लगाया।
रहाणे और पुजारा ने अपनी-अपनी टीमों के लिए महत्वपूर्ण पारी खेली। सौराष्ट्र और मुंबई दोनों को नाकआउट में जगह बनाने के लिए मैच जीतना ही होगा। वहीं दिल्ली के कप्तान आयुष बदोनी ने भी दमदार प्रदर्शन किया। बदोनी ने रेलवे के खिलाफ 77 गेंद में 99 रन की पारी खेली। लेकिन वह भी पुजारा की तरह सिर्फ एक रन से शतक से चूक गए। उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और तीन छक्के लगाए।